
गले में स्टेथोस्कोप लटकाए डॉक्टर तो आपने बहुत देखे होंगे, लेकिन सर पर हेल्मेट लगाए डॉक्टर बेहद कम ही देखने को मिलते हैं। तेलंगाना के एक सरकारी अस्पताल में इन दिनों ऐसा ही नजारा देखने को मिल रहा है।
यहां डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ अपनी सुरक्षा के लिहाज से सर पर हेल्मेट लगाकर मरीजों का इलाज कर रहे हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि ये अस्पताल जर्जर हो चुका है। इसकी छत के टुकड़े अक्सर टूट-टूटकर गिरते हैं। कई बार मरीजों और डॉक्टरों को इस वजह से चोट भी लगी है।
इसकी मरम्मत को लेकर डॉक्टरों ने कई बार सरकार से गुहार लगाई है। लेकिन अब तक यहां मरम्मत का काम शुरू नहीं हुआ है। ऐसे में सुरक्षा के साथ-साथ विरोध जताने के लिए डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने ये तरीका अपनाया है। ओस्मानिया यूनिवर्सिटी के चेयरमैन डॉक्टर पांडा ने कहा, “शुक्रवार को मरीजों, डॉक्टरों व अन्य स्टाफ पर छत के टुकड़े गिरे हैं। इसलिए हमने राज्य सरकार से तुरंत नये और सुरक्षित बिल्डिंग मुहैया कराने की मांग की है।”
बता दें कि इस क्रम में ओस्मानिया जनरल अस्पताल के डॉक्टरों, नर्सों व अन्य स्टाफ ने अपनी ड्यूटी के दौरान हेलमेट पहनकर बिल्डिंग के खराब हालात के खिलाफ प्रदर्शन किया। इन्होंने अपने हेल्मेट पर संदेश भी लिखा- ‘अनसेफ जोन’। इससे पहले भी इन्होंने विरोध जताते हुए पेड़ के नीचे मरीजों का चेकअप किया था।