
चारा घोटाला मामले में सजा काट रहे राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव का इलाज रांची के रिम्स के पेइंग वार्ड में चल रहा है। उन्हें लगातार डॉक्टर मॉनिटर कर रहे हैं। बता दें कि लालू यादव 11 अलग -अलग बीमारियों से ग्रस्त हैं। ऐसे में डॉक्टर्स उनकी सेहत को लेकर काफी परेशान हैं।
लालू यादव का मेडिकल बुलेटिन जारी करते हुए रिम्स के डायरेक्टर आरके श्रीवास्तव ने कहा कि लालू यादव हाइपर टेंशन और थोड़ा डिप्रेशन से गुजर रहे हैं, लेकिन उनकी स्थिति स्थिर है। उन्होंने बताया कि डिप्रेशन की वजह तबीयत और मौसम में हो रहे बदलाव की वजह से भी हो सकता है, ये कोई बड़ी बात नहीं है। लेकिन, लालू को अभी शिफ्ट नहीं किया जा सकता है।
बता दें कि लालू यादव को रिम्स के कार्डियोलॉजी वार्ड से पेइंग वार्ड शिफ्ट किया गया है, जहां उन्हें दो सेवादार भी मुहैया कराए गए हैं। रिम्स के डायरेक्टर आर के श्रीवास्तव ने शुक्रवार को लालू यादव का मेडिकल बुलेटिन जारी किया था जिसमें उन्होंने बताया था कि लालू यादव का विटामिन डी थोड़ा कम है। पैर में बालतोड़ घाव हुआ है, जिसकी वजह से सूजन हो गई है। उन्हें चलने फिरने में तकलीफ हो रही है, शुक्रवार के दिन वह पूरी तरह खड़े भी नहीं हो पा रहे थे।
लालू यादव को अभी डिस्चार्ज नहीं किया जा सकता
रिम्स के डॉक्टरों ने मुंबई के एशियन हार्ट इंस्टिट्यूट से लालू के इलाज पर सलाह ली। डॉक्टरों के अनुसार, अभी लालू यादव को डिस्चार्ज नहीं किया जा सकता है क्योंकि उनका ब्लड प्रेशर और शुगर लेवल अब भी बढ़ा हुआ है।
शुक्रवार को मिलने पहुंचे राज्यसभा सांसद
राज्यसभा संसद और अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के सदस्य अखिलेश सिंह शुक्रवार को लालू की सेहत की जानकारी लेने रिम्स पहुंचे। उन्होंने कहा कि उनका कुशल क्षेम जानने के लिए आए हैं।