
चोरी की घटनाएं ऐसे तो हमें डरा देती हैं, लेकिन एक चोर की यही हरकत हमें हंसने पर मजबूर कर देगी. अमेरिका के कोलराडो में पुलिस ने एक सीसीटीवी फुटेज जारी किया है. इसमें एक चोर ई सिगरेट बेचने वाले स्टोर में चोरी के इरादे से घुसा, लेकिन उसके बाद वहां जो कुछ भी हुआ, उसके बाद वह चोरी तो कर नहीं पाया, उल्टे उसकी पैंट उतर गई और उसने किसी तरह भागकर अपने आपको बचाया.
ये मामला अमेरिका में कोलराडो के ऑरोरा का है. रविवार शाम 5 बजे के आसपास एक ई-सिगरेट बेचने वाले स्टोर के सामने एक शख्स आया. वह पहले तो यहां वहां घूमता रहा, फिर वह अंदर दाखिल हुआ. उसने सिर पर टोपी और आंखों पर सनग्लासेस चढ़ा रखे थे. काउंटर पर एक महिला अटेंडर मौजूद थी. चोरी करने के इरादे से घुसे शख्स ने बिना कुछ कहे, उस महिला के सामने गन निकाल ली. वह कुछ समझ पाती, उससे पहले ही उसने गन को काउंटर पर रखना चाहा, लेकिन यहीं उससे हड़बड़ाहट में गन काउंटर से नीचे गिर गई.
गन को देखकर महिला भी घबरा गई, इधर उस चोर ने गन को उठाने की कोशिश की. वह काउंटर पर चढ़ने लगा, इतने में उसका पैंट खिसक गया. उसे कुछ भी समझ नहीं आया तो घबराहट में वह भाग खड़ा हुआ. इसके बाद महिला ने गन को अपने कब्जे में लेकर स्टोर को अंदर से बंद कर लिया. इस वीडियो फुटेज को ऑरोरा पुलिस डिपार्टमेंट ने जारी किया है.
इस वीडियो के फेसबुक पर आते ही लोगों ने उस चोर का मजाक बनाना शुरू कर दिया. सिर्फ एक घंटे में इस वीडियो को 23 हजार लोगों ने देखा.