ममता बनर्जी का BJP पर हत्या की राजनीति करने का आरोप, कहा- पार्टी अब माकपा के गुंडों के साथ काम कर रही हैं ऐसा…

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर जमकर हमला बोला. ममता बनर्जी ने भाजपा पर राज्य में ‘हिंसा की राजनीति’ का सहारा लेने और विपक्षी पार्टियों के खिलाफ केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया. राज्य में हाल ही में हुए पंचायत चुनाव का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि भाजपा सदस्य उन गुंडों के साथ मिल कर काम कर रहे हैं, जो पहले माकपा के लिए काम करते थे. तृणमूल छात्र परिषद की स्थापना दिवस पर एक रैली को संबोधित करते हुए ममता ने कहा, ‘हत्या की राजनीति का सहारा लेने के बावजूद पूर्व में माओवादियों के गढ़ रहे जंगलमहल में भाजपा केवल कुछ सीटें ही जीत पाई.’

राष्ट्रीय नागरिक पंजी (NRC) के बारे में मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार किसी भी परिस्थिति में इसकी अनुमति नहीं देगी. उन्होंने कहा, ‘हम बंगाल में एनआरसी की अनुमति नहीं देंगे. वे (भाजपा नेता) हमें चुनौती दे रहे हैं. अगर हमें चुनौती दिया जाएगा, तो इसका मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा.’ मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि अगर एक नागरिक को यहां गलत तरीके से विदेशी बताया जाता है तो वह उसे ‘बर्दाश्त’ नहीं करेंगी.

कहा, ‘हम बंगाल टाइगर्स हैं. अगर एक भारतीय नागरिक को विदेशी बताया जाता है, तो हम इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे.’ ममता ने कहा, ‘धन और बाहुबल के अलावा भाजपा विपक्षी नेताओं के खिलाफ केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल कर रही है. हमारा उद्देश्य 2019 के लोकसभा चुनाव में उसे (भाजपा को) सत्ता से बाहर करना है.’