
राजधानी देहरादून के सहारनपुर चौक स्थित एक फर्नीचर के गोदाम में अचानक आग लग गर्इ। हादसे में तीन कर्मचारी झुलस गए, इनमें एक की हालत गंभीर है। आग इतनी फैल चुकी थी कि फायर ब्रिगेड ने बड़ी ही मुश्किल से आग पर काबू पाया। 
दरअसल, सहारनपुर चौक पर डबराल फर्नीचर फॉरएवर के नाम से एक गोदाम है। जहां तीन कर्मचारी विवेक, कमलेश और नंदी काम कर रहे थे। तभी अचानक गोदाम में आग लग गर्इ और तीनों आग की चपेट में आ गए। इनमें से विवेक की हालत गंभीर है। वहीं आग से गोदाम में रखा लाखों का माल भी जलकर राख हो गया।
बताया जा रहा है कि शोरूम के बगल में ही टिन शेड से बना गोदाम था। वहां मच्छर भगाने के लिए कर्मचारियों ने मोर्टेन जलया हुआ था। उसके बगल में ही थिनर और पेंट के डिब्बे रखे हुए थे। अचानक थिनर ने आग पकड़ ली। जिसके बाद आग पूरे गोदाम में फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और बमुश्किल आग पर काबू पाया।