महाविद्यालय की छत पर अनशन पर बैठे एबीवीपी कार्यकर्ता

नई टिहरी: सेमेस्टर व बैक पेपर के परीक्षा परिणाम घोषित करने की मांग को लेकर एबीवीपी से जुड़े विकास चमोली व आलोक बिष्ट महाविद्यालय की छत पर भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं। मांग को लेकर बीती गुरूवार को संगठन से जुड़े विकास चमोली, आलोक बिष्ट, हिमांशु व आशीष पेट्रोल की बोतल को महाविद्यालय की छत पर चढ़ गए है। परिसर में पुलिस बल भी तैनात किया गया है। 

बीएससी, बीए के द्वितीय व चतुर्थ सेमेस्टर और बैक पेपर परीक्षा परिणाम घोषित करने की मांग को लेकर शुक्रवार को विकास चमोली व आलोक बिष्ट महाविद्यायल की छत पर भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं। उनका कहना है कि वह लंबे समय से परीक्षा परिणाम घोषित करने की मांग करते आ रहे हैं लेकिन विवि प्रशासन परीक्षा परिणाम घोषत नहीं कर रहा है जिस कारण उन्हें भूख हड़ताल पर बैठना पड़ रहा है।

एबीवीपी कार्यकर्ताओं का कहना है कि सेमेस्टर व बैक पेपर परिणाम समय पर घोषित नहीं होने के कारण छात्रों को परेशानी उठानी पड़ रहा है। इस दौरान संगठन के कार्यकर्ताओं ने समर्थन में नारेबाजी भी की। उनका कहना है कि छात्रों की लगातार मांग के बावजूद भी विवि प्रशासन परीक्षा परिणाम घोषित करने में विलंब कर रहा है जिस कारण छात्रों का रोष बढ़ता जा रहा है।

अनशन पर बैठे कार्यकर्ताओं ने कहा कि जब तक उनकी मांग नहीं मानी जाती है उनका अनशन जारी रहेगा। उन्होंने जल्द परीक्षा परिणाम घोषित करने की मांग की है। इस अवसर पर संदीप भट्ट, राहुल बुटोला, अनुराग, प्रशांत, भरत सिंह के अलावा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे। इस संबंध में महाविद्यालय के प्राचार्य डा. अशोक कुमार का कहना है कि छात्रों की समस्याओं से विवि प्रशासन को अवगत करा दिया गया है।