तेज बारिश के साथ ही खुली नगर निगम की पोल

ब्रेकिंग न्यूज़: एक घंटे तक हुई तेज बारिश ने नगर निगम प्रशासन के व्यवस्था की पोल खोल दी है। बरसात के बाद आलमबाग मैट्रो पुल के नीचे सिटी स्टेशन छत्ते समेत प्रमुख सड़कें जलमग्न हो गईं। इससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा.

यह नजारा गुरूवार को राजधानी में हुई बरसात में भी देखने को मिला। बदतर हो रहे हालात से निबटने को लेकर अभी तक कोई कारगर योजना नहीं बनाए जाने से स्थिति खराब हो रही है. वही सिटी स्टेशन छत्ते ,आलमबाग डालीगंज रेलवे पुल के नीचे समेत राजधानी के अन्य इलाकों में नाले का पानी लोगों के घरों तक पहुंच गया। शाम तकरीबन तीन बजे शुरू हुई बरसात एक घंटे हुई.

इस दौरान सड़कों पर भरे पानी से कई वाहन बंद हो गए। पैदल चलने वालों को भी भारी मुसीबतों का सामना करना पड़ा वही हजरतगंज से लेकर चारबाग तक जगह-जगह सड़कों पर पानी भरा रहा. कुछ ही देर तक हुई बरसात में नगर निगम की ओर से किए गए तमाम दावों की पोल भी खुल गई।

नालों की सफाई के नाम पर खानापूर्ति करने की वजह से सड़कों पर पानी भरना आम है। सबसे बुरा हाल सिटी स्टेशन रोड पर देखने को मिला. टूटी सड़क पर भरे पानी की वजह से आने-जाने वाले लोगों को भारी मुसीबतों का सामना करना पड़ा। ट्रेन के इंतजार में कई लोग सड़क पर फंसे रहे। यहां तकरीबन दो से तीन फिट तक पानी भरा रहा। तकरीबन एक घंटे बाद सड़कों से पानी निकलने से स्थिति सामान्य हुई।