मुख्यमंत्री ने विधानसभा में ऊर्जा मंत्री के कामों की प्रशंसा की

ब्रेकिंग न्यूज़: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को विधानसभा में ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा के बिजली विभाग में किए गए कामों की खुलकर प्रशंसा की उन्होंने कहा कि यूं तो सभी विभागों ने बेहतर काम किया है,लेकिन बिजली में खास काम हुआ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिजली चोरी से होने वाली हानि में काफी कमी आई है। लाइन हानियां कम होने से प्रदेश को 3400 करोड़ का लाभ हुआ है। अभी प्रदेश में 20 फीसदी पर लाइन हानियां आ गई हैं जिसे और कम करने के प्रयास किए जा रहे हैं। सपा सरकार में गरीब लोग बिजली के लिए भटकते थे। लोगों को दस बीस हजार रुपये देने के बावजूद कनेक्शन के लिए भटकना पड़ता था,लेकिन अब कैंप लगाकर मुफ्त कनेक्शन दिए जा रहे हैं। 33 केवी के अनेक नए सब स्टेशन बनाए गए हैं।

योगी ने कहा कि प्रदेश के 72 हजार मजरों का विद्युतीकरण एक बड़ी उपलब्धि है। अनुपूरक बजट में बिजली के कामों और सुधार के लिए 7,864 करोड़ की व्यवस्था की गई है। जिसमें 150 करोड़ भूमिगत केबल बिछाने के लिए, 50 करोड़ कैपेसिटर बैंक सब स्टेशनों पर लगाने के लिए, वितरण नेटवर्क को मजबूत करने के लिए 41.63 करोड़ रुपये, ग्रामीण व कृषि उपभोक्ताओं रियायती बिजली देने के एवज में राजस्व की भरपाई के लिए 1500 करोड़ रुपये, यूपी पावर कारपोरेशन को बिजली टैक्स के भुगतान की राजस्व क्षतिपूर्ति के लिए 600 करोड़ और उदय योजना में राज्य सरकार की गारंटी पर मिले अनुदान को अंशपूंजी में बदलने के लिए 4891.72 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है।