अलीगंज में नवविवाहिता ने लगाई फ़ांसी

ब्रेकिंग न्यूज़: अलीगंज के त्रिवेणीनगर में नवविवाहिता संतोषी गुप्ता (23) ने मंगलवार दोपहर फांसी लगा ली। उसका शव कमरे में साड़ी से छत के पंखे में लटका मिला। पति की सूचना पर पुलिस पहुंची और दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा। पुलिस को उसके पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला जिससे कारण स्पष्ट हो सके। हालांकि पुलिस ने संतोषी का मोबाइल अपने कब्जे में लिया है।

अलीगंज के त्रिवेणीनगर तृतीय निवासी पवन गुप्ता टेढ़ीपुलिया स्थित एक निजी अस्पताल में कर्मचारी है। पवन की करीब दो माह पहले गोरखपुर की रहने वाली संतोषी के साथ शादी हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद संतोषी ससुराल में रही। फिर वह मायके चली गई। रिश्तेदारों ने बताया कि रक्षाबंधन पर शाम को वह मायके से लौटी थी। पवन ने बताया मंगलवार दोपहर वह जब घर आया तो उसने देखा कमरे का दरवाजा भीतर से बंद था। काफी देर तक दस्तक देने के बावजूद दरवाजा नहीं खुला। इस पर उसने खिड़की से झांका तो सन्न रह गया। उसने पुलिस को तुरंत जानकारी दी। पुलिस का कहना है संतोषी ने फांसी क्यों लगाई इसकी तफ्तीश की जा रही है।