सेल्फी लेते टैंक में गिरे, करंट के बीच जवानों ने ऐसे बचाई पिता-पुत्री की जान

रायपुर। राजधानी रायपुर में दो आरक्षकों ने बहादुरी और सूझबूझ का परिचय देते हुए पिता-पुत्री की जान बचा ली। दरअसल बुधवार को टाटीबंध के रहने वाले तरंग श्रीवास्तव अपने बच्चों के साथ टाटीबंध चौक स्थित गार्डन में घूमने गए थे। इस वक्त गार्डन में और कोई मौजूद नहीं था।

गार्डन के बीच बने फाउंटेन पर चढ़कर अपनी बेटी के साथ सेल्फी ले रहे थे इसी बीच पैर फिसला और पिता-पुत्री करीब 6 फिट गहरे टैंक में गिर गए। यही नहीं टैंक में अर्थिंग के चलते हल्का करंट भी प्रभावित हो रहा था। दोनों बचाव के लिए गुहार लगाने लगे।

इसी बीच वहां नजदीक ही ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक वार्डन मोहम्मद सलीम और आरक्षक सुशील कुमार सोनी ने उनकी आवाज सुनी। दोनों भागते हुए गार्डन के अंदर पहुंचे और देखा कि पिता पुत्री टैंक में डूब रहे हैं। बचाने की कोशिश में उन्हें करंट का झटका भी लगा। तुरंत दोनों ने पंप हाउस से इलेक्ट्रिक सप्लाई बंद की और डूबते हुए पिता-पुत्री को टैंक से बाहर निकला और उनकी जान बचा ली।