छत्तीसगढ़ में बारिश जारी, इन जिलों में स्कूलों की छुट्टी घोषित

रायपुर। छत्तीसगढ़ के दक्षिणी और मध्यवर्ती क्षेत्रों में पिछले तीन दिनों से लगातार बारिश हो रही है। राजधानी रायपुर में पिछले 24 घंटों के दौरान 61.4 मिलिमीटर बारिश दर्ज की गई। रायपुर के साथ ही कांकेर, गरियाबंद, धमतरी, दुर्ग, राजनांदगांव, बीजापुर, दंतेवाड़ा, कोंडागांव, महासमुंद, जगदलपुर सहित कई जिलों में भारी बारिश हुई है। नदी-नालों के उफान पर होने की वजह से जगह-जगह दुर्घटनाओं की भी खबरें आ रही हैं।

महासमुंद जिले में महानदी में बाढ़ आने की वजह से लोगों के घरों में पानी घुस गया। इसके अलावा शिवरीनारायण क्षेत्र में भी महानदी पूरे उफान पर है। लगातार नदी का जल स्तर बढ़ रहा है। यहां जिला प्रशासन ने रेस्क्यू टीम को तैनात किया है। रायपुर में खास्र्न नदी भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। दुर्ग जिले में शिवनाथ नदी पर भी बाढ़ के हालात हैं। प्रशासन यहां पर पूरी मुस्तैदी के साथ राहत और बचाव के लिए डटा हुआ है। गोबरा नवापारा क्षेत्र में कई घरों के पानी में डूबने की खबर है। कांकेर जिले के चारामा में एक बांध के फूटने से समीपस्थ गांवों में बाढ़ की स्थिति बन गई है।

कोंडागांव जिले में बाइक सवार एक दंपति नदी के तेज बहाव में बह गए। इनमें से पुरुष को बचा लिया गया, जबकि महिला का अब तक कोई पता नही चला है। बिगड़े हालात के मद्देनजर कई जिलों में प्रशासन ने स्कूलों में 5 दिन तक का अवकाश घोषित कर दिया। दुर्ग जिले के कलेक्टर उमेश अग्रवाल ने स्कूलों में 5 दिन के अवकाश का आदेश जारी किया है। इसी तरह गरियाबंद और रायपुर जिलों में भी तीन दिन के अवकाश की घोषणा की गई है। महासमुंद जिले में भी स्कूलों में पांच दिन का अवकाश घोषित कर दिया गया है।