
अमृतसर। कैबिनेट मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू आज गुरदासपुर के क़स्बा डेरा बाबा नानक पर स्थित करतारपुर दर्शन स्थल पर पहुंचे और दूरबीन द्वारा पाकिस्तान में स्थित गुरुदवारा श्री करतारपुर साहिब के दर्शन किए। इस दौरान सिद्धू ने श्री करतारपुर साहिब के दर्शन के लिए श्री करतारपुर साहिब कॉरिडोर खोलने के लिए अरदास की।
बता दें, गत सप्ताह सिद्धू पाकिस्तान के पीएम इमरान खान के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए पाकिस्तान गए थे। इस दौरान पाकिस्तान के सेना प्रमुख को दी गई सिद्धू की जफ्फी काफी विवादों में रही थी। इस पर सिद्धू का कहना था कि पाक सेना प्रमुख ने श्री करतारपुर साहब कॉरिडोर खोलने में सहयोग देने की बात कही थी।
भारत-पाक सीमा पर पहुंचे सिद्धू ने कहा कि वह एक उम्मीद लेकर यहां अरदास करने आए हैं। श्री गुरुद्वारा करतारपुर साहिब कॉरिडोर खोलने के लिए दोनों देशों की सरकारों को आगे आना चाहिए। सिद्धू ने कहा राजनीतिज्ञों को इसमें राजनीति से ऊपर उठकर प्रयास करने चाहिए। अगर जरूरत पड़ी तो वह फिर से इसके लिए पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान के साथ बात करेंगे। सरहद पर पहुंचे नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा कि उनकी आज यह निजी प्रोग्राम था और वह आज यहाँ धार्मिक स्थल गुरुद्वारा श्री करतारपुर साहिब के दर्शन के लिए पहुंचे हैं।