
एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा ने अपने पिता को याद करते हुए उनका जन्मदिन खास तरीके से मनाया. प्रियंका इस मौके पर अपनी मां मधु चोपड़ा और जाह्नवी कपूर के साथ डिनर पर गई थीं. जिसकी कुछ तस्वीरें भी सामने आई हैं. इस तस्वीर में प्रियंका अपनी मां के साथ केक काटती हुई दिखाई दे रही हैं. प्रियंका के साथ दिवंगत अभिनेत्री श्रीदेवी की बेटी जाह्नवी कपूर भी नजर आ रही हैं.
तस्वीरों में प्रियंका न केवल जाह्नवी को गले लगा रही हैं, कार के पास ड्रॉप भी करती हुई नजर आ रही हैं. बता दें प्रियंका के दिवंगत पिता अशोक चोपड़ा का जन्मदिन कल यानि 23 अगस्त को था.प्रियंका के पिता अशोक चोपड़ा एक डॉक्टर थे और 1997 में सेना से बतौर लेफ्टिनेंट कर्नल रिटायर हुए थे. कैंसर से जंग हारने के बाद 10 जून 2013 को उनका निधन हो गया था. प्रियंका ने अपने पिता की याद में “Daddy’s lil girl” नाम का टेटू भी बनवा रखा है.
श्रीदेवी के निधन के बाद से फिल्म इंडस्ट्री के लोग उनकी बेटियों का काफी अच्छी तरह से ध्यान रख रहे हैं. इन तस्वीरों से इस बात को साफ तौर से देखा भी जा सकता है कि किस तरह प्रियंका ,जाह्नवी का ख्याल रख रही हैं.इससे पहले भी करण जौहर और शशांक खेतान को जाह्नवी का फिल्म ‘धड़क’ के ट्रेलर लॉन्च के दौरान इसी तरह ध्यान रखते हुए देखा गया था.
प्रियंका इस समय फरहान अख्तर की फिल्म ‘द स्कॉई इज पिंक’ की शूटिंग में बिजी हैं. इस फिल्म की डायरेक्ट शोनाली बोस हैं. इस फिल्म की शूटिंग मुंबई में चल रही है. इससे पहले प्रियंका चोपड़ा सलमान खान की फिल्म ‘भारत’ में काम करने से इंकार दिया था. प्रियंका की ‘भारत’ में काम ना करने की वजह वजह स्क्रीन स्पेस बताई जा रही है.