
फरीदकोट। आम आदमी पार्टी के बागी नेता सुखपाल सिंह खैहरा ने कहा कि पंजाब आप के कई नेता उनके खिलाफ साजिशें रचते रहे हैं। मुझे फंसाने के लिए इन नेताओं ने मेरा स्टिंग तक कराया। ये नेता की कीमत पर मुझे पद से हटाना चाहते थे। पंजाब में आप खत्म होने के कगार पर पहुंच गई है।
खैहरा कोटकपूरा में अाम आदमी पार्टी के वर्कराें की कांफ्रेंस को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने पंजाब आप के नेताओं पर जमकर निशाना साधा और राज्य में पार्टी को बर्बाद करने का आरोप लगाया। इस दौरान खैहरा पार्टी के राष्ट्रीय कन्वीनर अरविंद केजरीवाल के प्रति पहले की अपेक्षा नरम दिखे। समझा जाता है कि खैहरा के तेवर केजरीवाल के पंजाब दौरे के बाद नरम पड़े हैं। इसे केजरीवाल के पंजाब में पार्टी की कलह समप्त करने के प्रयास का असर माना जा रहा है।
कांफ्रेंस में खैहरा ने आप हाईकमान व केजरीवाल पर कोई प्रहार नहीं किया। खैहरा के निशाने पर पंजाब की आप लीडरशिप ही रही। उन्होंने कहा कि पंजाब के आप नेताओं का ध्यान पार्टी की मजबूती पर कभी नहीं रहा। वे हमेशा उन्हें पद से हटाने के लिए साजिश रचने में लगे रहे। आप नेताओं ने उन्हें फंसाने के लिए ऑडियो स्टिंग तक करवाए।
विधायक कंवर संधू ने कहा कि पंजाब में आप का ढांचा पूरी तरह से फेल हो चुका है। विधानसभा चुनाव में गलत टिकटें बांटी गईं। जैतो से विधायक मास्टर बलदेव सिंह ने कहा कि विधायक बलजिंदर कौर को एक नहीं तीन-तीन बड़े पद देकर नवाजा गया है, जबकि बाकी विधायकों की अनदेखी की जा रही है। कांफ्रेंस में खैहरा के अलावा उनके गुट के सात विधायक मौजूद रहे।
न आप का झंडा, न किसी नेता की फोटो
कांफ्रेस में कहीं पर आम आदमी पार्टी का झंडा तक नहीं लगाया गया था। पार्टी या नेता को कोई पोस्टर या बैनर नजर नहीं आया।
बेअदबी मामले पर बादलों की राह पर कैप्टन
खैहरा ने कहा कि बरगाड़ी बेअदबी मामले में कैप्टन भी बादलों के रास्ते पर चल रहे हैं। सरकार ने जस्टिस रणजीत ङ्क्षसह आयोग की रिपोर्ट को विधानसभा में पेश करने का एलान किया है, लेकिन बाद में इसे ठंडे बस्ते में डाल दिया जाएगा।