
फिल्म ‘बरेली की बर्फी’ और ‘फन्ने खां’ के बाद अभिनेत्री स्वाति सेमवाल ऐतिहासिक बायोपिक ‘मणिकर्णिका : द क्वीन ऑफ झांसी’ में अभिनेता सोनू सूद के साथ दिखेंगी. स्वाति ने कहा, ‘मैं इतनी बड़ी परियोजना का हिस्सा बनने से उत्साहित हूं. मैं पहली बार एक महाराष्ट्रियन की भूमिका में दिखूंगी. पार्वती (फिल्म में स्वाति का चरित्र) बहुत ही मजबूत महिला है. जो अपने बुरे पति को चुनौती देती है. मेरी भूमिका में बहुत ड्रामा और भावनाएं हैं’.
स्वाति सेमवाल ने कहा, ‘मैं अपनी भूमिकाओं को लेकर बहुत सचेत रहती हूं. पार्वती की भूमिका मेरी आखिरी दो फिल्मों से बहुत अलग है’. फिल्म ‘मणिकर्णिका : द क्वीन आफ झांसी’ झाँसी की रानी लक्ष्मीबाई के जीवन पर आधारित है. इस फिल्म का निर्देशन क्रिश ने किया है और फिल्म की कहानी केवी विजयेंद्र द्वारा लिखी गई है.
इस फिल्म में बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत ने रानी लक्ष्मीबाई की भूमिका में नजर आएंगी. यह फिल्म झाँसी के रानी लक्ष्मीबाई के जीवन और 1857 के भारतीय विद्रोह के दौरान ब्रिटिश ईस्ट इंडिया कंपनी के खिलाफ उनकी लड़ाई पर आधारित है.
बता दें कि 15 अगस्त के दिन कंगना ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर इस फिल्म का पहला पोस्टर रिलीज किया था. इस पोस्टर में कंगना झांसी की रानी लक्ष्मीबाई के रूप में युद्ध करती दिखाई दे रही हैं. खबरों की मानें तो यह फिल्म 25 जनवरी 2019 को रिलीज हो सकती है. फिल्में कंगना के अलावा स्वाति सेमवाल, सोनू सूद, अतुल कुलकर्णी और अंकिता लोखंडे प्रमुख भूमिका में नजर आएंगे.