तेजस्वी ने नीतीश से पूछा- मुख्‍यमंत्री जी ये क्‍या हो रहा है मेरे बिहार में

पटना। भोजपुर जिले में सोमवार को एक युवक की हत्या में शामिल होने के संदेह में उग्र भीड़ ने एक महिला के कपड़े फाड़ दिये और उसे निर्वस्त्र करके घुमाया। इस दौरान सरेआम उसकी पिटाई भी की गई। उपद्रव, हिंसा और इस शर्मसार करने वाली घटना पर तेजस्‍वी यादव ने ट्वीट कर सीएम नीतीश कुमार से पूछा है कि- माननीय मुख्‍यमंत्री जी ये क्‍या हो रहा है मेरे बिहार में?

वहीं,तेजस्‍वी यादव ने बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी पर भी तंज कसते हुए कहा कि कहां दुबके हुए हैं खुलासा मियां सुशील मोदी जी? आपने बिहार को महाजंगलराज और राक्षस राज में तब्‍दील कर दिया है। आपको सबकुछ मंगलमय दिख रहा है क्‍या?

वहीं सीएम नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि माननीय मुख्यमंत्री जी, ये क्या हो रहा है मेरे बिहार में? आज एक महिला को नग्न कर सड़क पर दौड़ा-दौड़ा कर पीटा गया है। भोजपुर के पुलिस अधीक्षक अवकाश कुमार ने बताया कि यह घटना तब घटी जब सोमवार को लापता हुए 19 वर्षीय विमलेश शाह का शव सुबह रेलवे ट्रैक के नजदीक बरामद हुआ। उन्होंने बताया कि शाह के गांव दामोदरपुर के लोगों ने उसका शव बरामद होने के बाद रेड लाइट एरिया में रहने वालों पर उसकी गला घोंट कर हत्या करने का संदेह व्यक्त किया।

इसके बाद ग्रामीण उग्र हो गए और स्थानीय बाजार में कई दुकानों में आग लगा दी और कई लोगों की पिटाई की। उसके बाद उग्र ग्रामीणों ने एक महिला के कपड़े फाड़ दिये और उसके बाद उसे निर्वस्त्र करके घुमाया। इस दौरान महिला की पिटाई भी की गई। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि भीड़ ने पास से गुजर रही ट्रेन पर भी पथराव किया और घटनास्थल पर पहुंची पुलिस को भी निशाना बनाने की कोशिश की जिसके बाद हिंसा पर उतारू लोगों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हवाई फायरिंग करनी पड़ी। तो जवाब में भीड़ की ओर से भी गोलीबारी की गयी।