
देहरादून: कांग्रेस प्रदेश प्रभारी अनुग्रह नारायण सिंह पार्टी में महानगर व जिलाध्यक्ष पदों पर हुई नियुक्ति के बाद चली लेटर डिप्लोमैसी से खासे नाराज नजर आए। उन्होंने दो टूक कहा कि लेटर लिखने वाले अभी तक नजर नहीं आए, उन्हें लेटर का जवाब दे दिया गया है। उनके पास सबका फीडबैक है।
बेहतर है कि जो जिम्मेदारी जिसे दी गई है उसे शिद्दत से निभाए। उन्होंने कहा कि जल्द ही कांग्रेस में सभी अहम समितियों का गठन कर दिया जाएगा। अनुशासन समिति बनने के बाद सारे मामलों को सुलझा लिया जाएगा। कांग्रेस प्रदेश प्रभारी अनुग्रह नारायण सिंह देहरादून स्थित पार्टी मुख्यालय पहुंचे।
जिलाध्यक्ष पदों पर नियुक्ति को लेकर पार्टी की भीतर उठी नाराजगी के बाद उनका यह पहला दौरा था। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष व विधायक गोविंद सिंह कुंजवाल की नाराजगी के बाद पार्टी नेतृत्व भी समन्वय बनाने में जुट गया है। प्रदेश प्रभारी ने रविवार को विभिन्न मसलों पर पार्टी पदाधिकारियों से फीडबैक लिया। इससे पहले वह 24 जुलाई को आए थे।
उन पर यह भी आरोप लग रहे थे कि वह नियमित यहां नहीं आ रहे हैं। ऐसे में रविवार को कांग्रेस मुख्यालय में वे पार्टी कार्यकर्ताओं से मिले। सूत्रों के मुताबिक इस दौरान उन्होने पार्टी में चल रहे असंतोष को लेकर कार्यकर्ताओं से चर्चा की। इसके साथ ही 2019 में होने वाले लोकसभा चुनावों को लेकर भी फीडबैक लिया। उनसे मिलने पार्टी प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, महानगर अध्यक्ष लाल चंद शर्मा व परवादून अध्यक्ष संजय किशोर आदि पहुंचे।
हालांकि इस दौरान हरीश रावत गुट के नेताओं ने पार्टी मुख्यालय से दूरी बनाए रखी। उनके गुट से एक-दो प्रतिनिधि ही प्रदेश प्रभारी से मुलाकात करने पहुंचे। इस दौरान पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में पार्टी उपाध्यक्ष जोत सिंह गुनसोला द्वारा महानगर अध्यक्ष व जिला अध्यक्षों की नियुक्ति के संबंध में लिखे पत्र के संबंध में पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि जो चिठ्ठी भेज रहे हैं, वे काम करते कहीं नजर नहीं आते। न ही उनकी उनसे मुलाकात हुई है। चिठ्ठी लिखने वाले उनके पास भी हैं। सबकी जानकारी उनके पास है, लेकिन वह सब सार्वजनिक नहीं कर सकते।
अल्मोड़ा में जिलाध्यक्ष पद पर किए गए बदलाव के संबंध में उन्होंने कहा कि कुछ निर्णय संशोधित करने पड़ते हैं, इसमें कुछ नया नहीं है। गोविंद सिंह कुंजवाल की नाराजगी के संबंध में उन्होंने कहा कि वह दूर कर दी गई है। चिठ्ठी पत्री व संवाद संगठन में चलता रहता है। अब संघर्ष का समय है। अब सभी नेताओं की असल परीक्षा तभी होगी। जो जनता के बीच जाएगा वही असली नेता होगा।
कांग्रेस में इस समय अलग-अलग गुट के संबंध में उन्होंने कहा कि यह गुटबाजी नहीं है सबके काम करने का तरीका अलग है। 2019 में सब एक साथ हैं। प्रदेश अध्यक्ष गए उत्तरकाशी प्रदेश प्रभारी अनुग्रह नारायण सिंह के पार्टी मुख्यालय पहुंचने पर प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह उनका स्वागत करने के बाद उत्तरकाशी में हुई घटना में पीड़ित के परिजनों से मिलने के लिए चले गए। इसके बाद पार्टी प्रभारी ने स्वयं ही सबसे अलग-अलग मिलकर बात की। हालांकि इसका एक कारण यह भी माना जा रहा है कि पार्टी प्रभारी को प्रभाव में लेने के आरोपों से किनारा करने के लिए प्रदेश अध्यक्ष ने यह कदम उठाया। इसके साथ यह संदेश देने का भी प्रयास किया कि जनमुद्दों पर कांग्रेस जनता के साथ खड़ी है।