
संगरूर। पंजाब में आम आदमी पार्टी में मचे घमासान के बीच पार्टी संयोजक व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया बरनाला पहुंच गए हैं। यहां केजरीवाल विधायक मीत हेयर के घर पर बंद कमरे में पार्टी नेताओं की बैठक ले रहे थे।
नेता प्रतिपक्ष हरपाल सिंह चीमा ने जब कमरे में जाने का प्रयास किया तो पुलिस ने उन्हें बाहर रोक दिया। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह नेता प्रतिपक्ष हैं। काफी जद्दोजहद के बाद पुलिस ने चीमा को अंदर घुसने दिया। इसी प्रकार विधायक रुपेंद्र रूबी व जगराओं से महिला विधायक को बंद कमरे में जाने के लिए मशक्कत का सामना करना पड़ा।
इससे पूर्व दोनों नेता केजरीवाल व सिसोदिया शताब्दी ट्रेन से दिल्ली से संगरूर पहुंचे। संगरूर से वह सीधे सांसद भगवंत मान, विधायक अमन अरोड़ा, विधानसभा में विपक्ष के नेता हरपाल चीमा, विधायक तलवंडी साबो बीबी बलजिंदर कौर, सांसद साधु सिंह आदि के साथ बरनाला के लिए रवाना हुए। संगरूर में केजरीवाल ने मीडिया से दूरी बनाए रखी।