
न्यूयॉर्कः भारत के 72वें स्वतंत्रता दिवस का जश्न मनाने के लिए प्रसिद्ध एम्पायर स्टेट बिल्डिंग और नियाग्रा जल प्रपात को तिरंगों से रोशन किया गया और अमेरिका में भारतीय प्रवासियों ने देश की आजादी का जश्न मनाया. इस मौके पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों के जरिए भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और इतिहास को प्रदर्शित किया गया.
न्यूयॉर्क के मध्य में स्थित मैनहैटन की विश्व प्रसिद्ध गगनचुंबी इमारत को केसरिया, सफेद और हरे रंग से जगमग करने के लिए एक विशेष समारोह आयोजित किया गया. अमेरिका में किसी दूसरे देश के राष्ट्रीय पर्व को लेकर ऐसी चीजें बहुत कम देखने के मिलती हैं. एम्पायर स्टेट बिल्डिंग के टि्वटर हैंडल से एक ट्वीट में कहा गया, “न्यूयॉर्क सिटी की ओर से भारत दिवस की शुभकामनाएं. फेडरेशन ऑफ इंडियन एसोसिएशन (एफआईए) के साथ मिलकर हम आज रात लाइटों को भारतीय ध्वज के रंगों में रंग कर भारत के स्वतंत्रता दिवस को सम्मान दे रहे हैं.’’
न्यूयॉर्क में भारत के महावाणिज्य दूत संदीप चक्रवर्ती, एफआईए के अध्यक्ष स्रुजल पारिख और गायक मिकी सिंह के साथ इस कार्यक्रम में शामिल हुए. इस दिन का जश्न मनाने के लिए विश्व के सबसे आकर्षक जलप्रपात नियाग्रा फॉल्स को भी केसरिया, सफेद और हरे रंग से जगमग किया गया. वाशिंगटन में भारतीय दूतावास ने ध्वाजारोहण कार्यक्रम का आयोजन किया.
Happy India Day from New York City! Together with the Federation of Indian Association, we’re honoring India’s Independence Day by recreating the Indian flag in lights tonight. 🇮🇳
📷: @nyclovesnyc pic.twitter.com/PBnLzXuLBs
— Empire State Building (@EmpireStateBldg) August 15, 2018
अमेरिका में भारत के राजदूत नवतेज सरना ने झंडा फहराया जिसके बाद कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने राष्ट्रगान गाया. सरना ने अतिथियों को संबोधित किया और परंपरा के तौर पर राष्ट्र के नाम राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के संबोधन को पढ़कर सुनाया. कार्यक्रम में भारतीय समुदाय के प्रमुख सदस्यों एवं स्थानीय पदाधिकारियों समेत करीब 200 लोग शामिल हुए. इनमें सांसद ग्रेस मेंग, विधायक डेविड वेप्रिन, राज मुखर्जी और सीनेटर विन गोपाल शामिल थे. संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन और भारतीय वाणिज्य दूतावास ने भी इस मौके पर कार्यक्रमों का आयोजन किया.