
बिहार में नालंदा के एक संग्रहालय से करीब 60 साल पहले चुराई गई बुद्ध की 12 वीं सदी की एक कांस्य मूर्ति भारत के स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान बुधवार को लंदन मेट्रोपोलिटन पुलिस ने भारत को लौटा दी. चांदी की कलमकारी वाली यह कांस्य मूर्ति 1961 में नालंदा में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण संस्थान के एक संग्रहालय से चुराई गई 14 मूर्तियों में एक है. लंदन में नीलामी के लिए के लिए सामने लाए जाने से पहले यह बरसों तक विभिन्न हाथों से गुजरी.
मेट्रोपोलिटन पुलिस के अनुसार डीलर और मालिक को इस मूर्ति के बारे में बताया गया कि यह वही मूर्ति है जो भारत से चुराई गई थी. तब उन्होंने पुलिस की कला एवं पुरावशेष इकाई के साथ सहयोग किया तथा वे इसे भारत को लौटाए जाने पर राजी हो गए. इस साल मार्च में एक व्यापार मेले में एसोसिएशन फोर रिसर्च इंटू क्राइम्स एगेंस्ट की लिंडा अल्बर्टसन और इंडिया प्राइड प्रोजेक्ट के विजय कुमार की इस प्रतिमा पर नजर पड़ी और उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी.