
नई दिल्ली: इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए लॉर्ड्स टेस्ट मैच में टीम इंडिया को पारी और 159 रन से हार का सामना करना पड़ा. इस मुकाबले के चौथे दिन भारतीय कप्तान विराट कोहली दोहरे दर्द से गुजर रहे थे. हालांकि इसके बावजूद उन्होंने बल्लेबाजी की. कोहली का पहला दर्द कमर का दर्द और दूसरा दर्द टीम इंडिया का बैटिंग ऑर्डर था. टीम इंडिया के बल्लेबाज लगातार खराब प्रदर्शन कर रहे हैं. जो कि कोहली के लिए बड़ी समस्या का कारण है.
कोहली का कहना है कि वो जल्दी ही कमर दर्द से छुटकारा पा लेंगे और नॉटिंघम में होने वाली तीसरे मैच में खेलेंगे. दूसरे टेस्ट मैच में भारतीय टीम की बल्लेबाजी काफी खराब रही. इस मुकाबले में कोहली भी कुछ खास नहीं कर पाए.
दरअसल कोहली ने दूसरे टेस्ट मैच में कमर दर्द के साथ बल्लेबाजी की, लेकिन उन्होंने भरोसा जताया है कि नॉटिंघम में 18 अगस्त से होने वाले अगले मैच से पहले वह पूरी तरह से फिट हो जाएंगे. कोहली ने दूसरी पारी में 29 गेंदों में मात्र 17 रन बनाये. स्टुअर्ट ब्रॉड ने चाय के ब्रेक से कुछ देर पहले उछाल लेती गेंद पर कोहली को शॉर्ट लेग पर ओली पोप के हाथों कैच कराया.
कोहली ने कहा, ‘‘यह पीठ के निचले हिस्से का मामला है, जो फिर से उभर गया है. यह काम के अधिक बोझ और मेरे द्वारा अधिक मैच खेलने के चलते हुआ है. अभी पांच दिन हैं. मुझे भरोसा है कि मैं पांच दिन में ठीक हो जाऊंगा.’’
गौरतलब है कि टीम इंडिया पहली पारी में महज 107 रन पर ऑल आउट हो गयी. इस दौरान रविचन्द्रन अश्विन ने सर्वाधिक 29 रन बनाए. वहीं कोहली 23 रन बनाकर आउट हो गयी. इसके बाद इंग्लैंड ने पहली पारी में 396 रन बनाकर पारी घोषित कर दी. भारतीय टीम दूसरी पारी खेलने उतरी और 130 रन पर ऑल आउट हो गयी. इस तरह भारत को पारी और 159 रन से हार का सामना करना पड़ा.
टीम इंडिया अब तीसरा मैच नॉटिंघम में खेलेगी, जो कि 18 अगस्त से 22 अगस्त तक खेला जायेगा. इस तरह साउथेम्प्टन में सीरीज का चौथा मैच खेला जायेगा. यह मुकाबला 30 अगस्त से 3 सितंबर तक आयोजित होगा. वहीं भारत के इस दौरे का आखिरी मुकाबला लंदन में 7 सितंबर से 11 सितंबर तक खेला जायेगा.