पाकिस्तान की संसद का सत्र सोमवार से, 14 अगस्त को इमरान खान ले सकते हैं पीएम की शपथ

इस्लामाबाद: पाकिस्तान में हुए आम चुनाव के 19 दिन बाद नवनिर्वाचित संसद का पहला सत्र सोमवार को शुरू होगा. पाकिस्तान के कार्यवाहक प्रधानमंत्री नसीरुल मुल्क द्वारा भेजी गई सिफारिश के बाद राष्ट्रपति ममनून हुसैन 15वीं संसद की पहली बैठक बुलाएंगे. राष्ट्रपति द्वारा मंजूर आदेश अब संसदीय मामलों के मंत्रालय को भेजा जाएगा. मंत्रालय सत्र के लिए समय निर्धारित करेगा. संविधान के तहत एनए का पहला सत्र चुनाव के 21 दिन के अंदर शुरू हो जाना चाहिए. इसके बाद अगले कुछ दिनों के अंदर नेशनल असेंबली सदन के नेता (प्रधानमंत्री) के चयन की प्रक्रिया शुरू करेगी, जो नामांकनों के लिए स्पीकर द्वारा जारी कार्यक्रम पर निर्भर करेगा.

– इस बार के चुनाव में इमरान खान के नेतृत्व वाली पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी सबसे बड़ी पार्टी के तौर पर उभरी है
– संसद के निचले सदन नेशनल असेंबली (एनए) के पहले दिन संसद के नए सदस्य शपथ ग्रहण करेंगे
– साथ में स्पीकर एवं डिप्टी स्पीकर का भी चुनाव होगा
– इमरान खान प्रधानमंत्री बनने की तैयारी में हैं, क्योंकि उनकी पार्टी पीटीआई का दावा है कि उसे सदन के 342 सांसदों में कम से कम 180 का समर्थन प्राप्त है
– इन 342 सीटों में 272 वो सीटें भी शामिल हैं, जिनके लिए 25 जुलाई को आम चुनाव हुए थे.
– इसके अलावा नेशनल असेंबली में 60 सीटें महिलाओं के लिए और 10 सीटें धार्मिक अल्पसंख्यकों के लिए सुरक्षित हैं.

14 अगस्त को पीएम पद की शपथ लेने को इच्छुक इमरान खान

पीटीआई के प्रवक्ता फवाद चौधरी ने बताया था कि खान 14 अगस्त को देश के स्वतंत्रता दिवस के दिन प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने को इच्छुक हैं. लेकिन एनए द्वारा उनके चुनाव को लेकर औपचारिकताओं के चलते वह 15 अगस्त से पहले प्रधानमंत्री पद की शपथ नहीं ले सकेंगे.

शपथ ग्रहण में बाधा

दूसरी ओर राष्ट्रपति हुसैन 16 अगस्त को अपनी तीन दिवसीय आयरलैंड यात्रा के लिए जाने वाले हैं, जो खान के शपथ ग्रहण में बाधक बन सकती है. बहरहाल,पीटीआई ने राष्ट्रपति से अपनी यात्रा टाल देने या थोड़ी देरी से शुरू करने का अनुरोध किया है. हालांकि, चौधरी ने यह भी बताया कि शपथ ग्रहण में देरी नहीं होगी, क्योंकि सीनेट चेयरमैन सादिक संजरानी राष्ट्रपति की गैरमौजूदगी में बतौर कार्यवाहक राष्ट्रपति खान को प्रधानमंत्री पद की शपथ दिला सकते हैं.