
नई दिल्ली: केंद्र सरकार की तरफ से लागू किए गए तीन नए कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों के आंदोलन का नेतृत्व करने वाले भारतीय किसान यूनियन (BKU) नेता राकेश टिकैत को फिर से जान से मारने की धमकी मिली है. किसान नेता राकेश टिकैत को जान से मारने की धमकी मिलने के मामले में उत्तर प्रदेश पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है. यूपी पुलिस इस मामले की जांच कर रही है.
दूसरी ओर, भारतीय किसान यूनियन (BKU) ने राकेश टिकैत को मिली जान से मारने की धमकी के बाद उनको ‘Y’ केटेगरी की सुरक्षा दिए जाने की मांग की है. भारतीय किसान यूनियन की तरफ से कहा गया है कि पहले भी राकेश टिकैत को जान से मारने की धमकी मिली थी. सरकार राकेश टिकैत को ‘Y’ श्रेणी की सुरक्षा प्रदान करे. राकेश टिकैत को मिली धमकी के मामले में मुजफ्फरनगर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है.
मुजफ्फरनगर पुलिस द्वारा ट्वीट करते हुए इस बारे में जानकारी दी गई है कि इस मामले में सिविल लाइन थाने में केस दर्ज किया गया है. मुजफ्फरनगर पुलिस की तरफ से ये भी कहा गया है कि तथ्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है.