धोनी की तरह ये खिलाडी लॉर्ड्स में अकेले करेगा इंग्लैंड को ‘चित्त’, विराट को भी दिलाएगा ‘जीत’

नई दिल्ली. विराट कोहली की कप्तानी में टीम इंडिया लॉर्ड्स में इंग्लैंड के खिलाफ दूसरा टेस्ट खेलने के लिए तैयार है. क्रिकेट के मक्का कहे जाने वाले लॉर्ड्स के मैदान पर टीम इंडिया का रिकॉर्ड ज्यादा दुरुस्त नहीं है. इस मैदान टीम इंडिया के नाम 17 टेस्ट में सिर्फ 2 ही टेस्ट जीत दर्ज है. लेकिन, इसके बावजूद विराट को घबराने की जरूरत नहीं है.

विराट के पास धोनी वाला ‘योद्धा’

हम ऐसा क्यों कह रहे हैं अब जरा उसकी वजह समझिए. दरअसल, विराट की टीम में एक ऐसा खिलाड़ी मौजूद है जिसे लॉर्ड्स का मैदान बेहद भाता है. यही नहीं इस मैदान पर मिली दो जीतों में एक बड़ी जीत की स्क्रिप्ट लिखने वाला वो अकेला है. धोनी की कप्तानी में साल 2014 में खेले टेस्ट में उसने अकेले ही लॉर्ड्स की पिच पर इंग्लिश बल्लेबाजों को निपटा दिया था और भारत को जीत दिलाई थी.

ईशांत के ‘7’ से जुड़ा था जीत का साथ

4 साल पहले लॉर्ड्स की पिच पर अपने पेस और बाउंस से इंग्लैंड का बुरा हाल करने वाले इस भारतीय तेज गेंदबाज का नाम है ईशांत शर्मा. 2014 के लॉर्ड्स टेस्ट की पहली पारी में ईशांत बुझे-बुझे रहे थे. लेकिन दूसरी पारी में उनकी गेंदे इंग्लैंड पर आग के गोलों की तरह बरसी और जलाकर खाक कर दी. पहली पारी में विकेट से महरूम रहने वाले ईशांत शर्मा ने लॉर्ड्स पर धोनी की कप्तानी में खेले उस टेस्ट में एक नहीं, दो नहीं बल्कि पूरे 7 विकेट चटकाए थे और मैच के हीरो बने थे.

एजबेस्टन में ‘ट्रेलर’, लॉर्ड्स में ‘फिल्म’!

विराट की कमान में एक बार फिर से टीम इंडिया का कारवां लॉर्ड्स के उसी मैदान पर है. प्लस प्वाइंट ये है कि इस बार ईशांत लॉर्ड्स से पहले ही एजबेस्टन टेस्ट की दूसरी पारी में 5 विकेट लेकर इंग्लैंड को अपना ट्रेलर दिखा चुके हैं. मतलब ये कि लॉर्ड्स की फिल्म काफी दिलचस्प रहने वाली है.