
लखनऊ, अपर निदेशक मलेरिया एवं वेक्टर बार्न डिसीज़ डा0 रमेश चन्द्र पाण्डे ने कहा कि मौसम बदल रहा है। बार-बार ठंडक और गर्मी का एहसास हो रहा है, ऐसे मौसम में सतर्क रहने की आवश्यकता है। अतः संचारी रोगों से जुड़े सभी कार्यकर्ता बचाव के लिए नियमित प्रयत्नशील रहें।
डॉ. पाण्डेय ने ये बातें गुरुवार को मलेरिया व डेंगू की दृष्टि से संवेदनशील बस्ती लवकुश नगर का भ्रमण करने के दौरान कहीं। उन्होंने क्षेत्रीय स्तर के कार्यकर्ताओं एवं बी.सी.सी.एफ. को नियमित लार्वा सर्वे एवं बुखार का सर्वे करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि लोगों को समझाना है कि किसी भी बर्तन, चाहे वह पक्षियों को पानी पिलाने के लिए हो, उनमें नियमित पानी बदलें एवं ताजा पानी अच्छे से साफ करके भरें। कंटेनर या अन्य पात्र पानी संचय और लार्वा की पैदाइश के लिए बहुत अनुकूल है, इससे डेंगू एवं मलेरिया फैलने की प्रबल संभावना होती है।
एम्बेड समन्वयक धर्मेन्द्र त्रिपाठी ने बताया कि शहर में डेंगू प्रभावित क्षेंत्रों में मलेरिया व एम्बेड टीम सक्रिय रूप से कार्य कर रही है एवं नियमित लार्वा सर्वे व विनिष्टिकरण की कार्यवाही हो रही है। आने वाले समय में आशाओं को मलेरिया जांच, स्लाइड आदि बनाने के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा।