
हरदोई जिले के मल्लावां कोतवाली के ग्राम गंज जलालाबाद में घर के अंदर सो रहे वृद्ध की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। एसपी ने बताया कि सभी बिंदुओं पर पड़ताल कर शीघ्र ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
गंज जलालाबाद पुलिस चौकी से कुछ ही दूरी पर ग्राम गंज जलालाबाद निवासी सफीक उर्फ चंदा रात को अपने घर में सो रहे थे। रात में ही किसी समय अज्ञात हमलावरों ने उनके ऊपर धारदार हथियार से हमला कर उनकी निर्मम तरीके से हत्या कर दी और भाग निकले। दूसरे कमरे में उनकी पत्नी सोई हुई थीं। रात को जब वह उठीं तो अपने पति को मृत अवस्था में पाया जिसके बाद उन्होंने शोर मचाया। इसके बाद आसपास के लोग आ गए। बताया गया है कि सफीक खेती किसानी करके अपने परिवार की परवरिश करते थे। एसपी राजेश द्विवेदी ने कहा कि सभी बिन्दुओं पर पड़ताल कर शीघ्र ही घटना का खुलासा किया जाएगा