टीम इंडिया की जीत का इशारा कर रहा हैं ईशांत शर्मा के ये आंकड़े

इंग्लैंड के खिलाफ एजबेस्टन क्रिकेट ग्राउंड पर खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में भारत की जीत का दारोमदार एक बार फिर कप्तान विराट कोहली और दिनेश कार्तिक के कंधों पर आन पड़ा है. इंग्लैंड की ओर से दिए गए 194 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने अपनी दूसरी पारी में एक समय अपने पांच विकेट 78 रनों पर ही खो दिए थे, लेकिन कप्तान कोहली ने एक छोर संभाले रखा और तीसरे दिन शुक्रवार का खेल खत्म होने तक धीरे-धीरे रनों के अंतर को पाट अपनी टीम को मैच में बनाए रखा. भारत ने दिन का अंत पांच विकेट के नुकसान पर 110 रनों के साथ किया.

दिन का खेल खत्म होने तक कप्तान के साथ कार्तिक 18 रन बनाकर डटे हुए हैं. भारत अभी भी जीत से 84 रन दूर है. मैच में हालांकि इंग्लैंड की जीत की संभावनाओं को नकारा नहीं जा सकता. एजबेस्टन के हालात के मद्देनजर मैच उस पड़ाव पर है कि जीत किसी भी टीम के हिस्से आ सकती है. इस हालात में हर भारतीय क्रिकेट प्रेमियों की धड़कनें बढ़ी हुई है. लोगों की नजरें विराट कोहली पर टिकी हैं. ऐसे क्रिकेट फैंस के लिए एक आंकड़े सुकुन दे सकते हैं. 

दरअसल, इस मैच में भारत के तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा ने दूसरी पारी में इंग्लैंड के पांच विकेट लिए हैं. ईशांत के एक पारी में पांच या इससे ज्यादा विकेट लेने के आंकड़ों पर नजर डालें तो पता चलता है कि भारत कभी हारा नहीं है. यानी ईशांत का पांच विकेट लेना भारत की जीत की गारंटी रही है. हालांकि हमें ये नहीं भूलना चाहिए कि क्रिकेट अनिश्चितता का खेल है, इसमें किसी भी पल इतिहास बदल जाते हैं. आइए नजर डालते हैं कि ईशांत ने कब-कब एक पारी में पांच या इससे ज्यादा खिलाड़ियों को आउट किया है और उसके परिणाम क्या रहे हैं.

8 दिसंबर 2007: ईशांत शर्मा ने पहली बार पाकिस्तान के खिलाफ एक पारी में पांच विकेट झटके थे. यह मैच ड्रा रहा था.

28 जनवरी 2011: वेस्टइंडीज के खिलाफ ईशांत ने एक पारी में छह विकेट झटके थे. हालांकि ये मैच भी ड्रा रहा था.

14 फरवरी 2014: टीम इंडिया न्यूजीलैंड दौरे पर गई थी, तभी ईशांत ने एक पारी में विरोधी टीम के 6 खिलाड़ियों को आउट कर दिया. हालांकि यह मैच भी ड्रा रहा था.

17 जुलाई 2014: ऐतिहासिक लॉर्ड्स के मैदान पर ईशांत ने एक पारी में इंग्लैंड के 7 खिलाड़ियों को पवेलियन भेजा था. इस मैच में टीम इंडिया ने 95 रनों से जीत दर्ज की थी.

28 अगस्त 2015: श्रीलंका के खिलाफ ईशांत ने एक पारी में 5 विकेट झटके थे. इस मैच में भारत को 117 रनों से जीत मिली थी.

1 अगस्त 2018: इंग्लैंड के खिलाफ जारी टेस्ट मैच की दूसरी पारी में ईशांत ने पांच विकेट लिए हैं. क्रीज पर विराट कोहली और दिनेश कार्तिक डंटे हुए हैं. ऐसे में टीम इंडिया की जीत की उम्मीद की जा सकती है.