ईरानी राष्ट्रपति रूहानी से बिना शर्त मुलाकात को तैयार हैं ट्रंप

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का कहना है कि वह किसी भी समय बिना किसी शर्त के ईरानी राष्ट्रपति हसन रूहानी से मुलाकात करने को तैयार हैं. व्हाइट हाउस में इटली के प्रधानमंत्री ग्यूसेप कोंते के साथ ज्वाइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, ‘मैं मुलाकात में विश्वास रखता हूं, मैं निश्चित तौर पर ईरानी नेता से मिलूंगा, अगर वह मिलना चाहें.’

रूहानी से मुलाकात करने के सवाल पर ट्रंप ने कहा, ‘मुझे नहीं पता कि वह अभी तैयार हैं या नहीं. अभी वह मुश्किल वक्त से गुजर रहे हैं. मैंने ईरान समझौता खत्म कर दिया. वह एक बकवास समझौता था. मेरा मानना है कि वह अंतत: मिलना चाहेंगे और मैं उनसे… उनके तय समय पर कभी भी मिलने को तैयार हूं.’ ट्रंप का कहना है कि वह मजबूती दिखाने या कमजोरी की वजह से रूहानी से मिलने को नहीं कह रहे हैं, ‘बल्कि ईरानी नेता से मिलना सही कदम होगा, इसलिए ऐसा कह रहे हैं,’

वहीं अन्य सवाल के जवाब में ट्रंप ने कहा कि वह बिना किसी पूर्व शर्त के उनसे मुलाकात करेंगे.’ अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, ‘कोई पूर्व शर्त नहीं रखी जाएगी. अगर वह मुलाकात करना चाहते हैं, मैं कभी भी उनसे मुलाकात करने को तैयार हूं. यह देश के लिए अच्छा है, उनके लिए अच्छा है, हमारे लिए अच्छा है और पूरी दुनिया के लिए अच्छा है. बिना किसी पूर्व शर्त, अगर वे मिलना चाहते हैं तो मैं मिलूंगा.’