
यूरोपियन देश ग्रीस की राजधानी एथेंस से करीब 40 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में माती के सी-रिज़ॉर्ट के पास जंगल में भीषण आग लगने की वजह से 20 से ज्यादा लोगों की जलकर मौत हो गयी है. इस बात की जानकारी सरकार के प्रवक्ता दिमित्रिस जानाकोपोलस ने दी. हादसे में मारे गये ज्यादातर लोगों के शव मकानों या कारों से मिले हैं.
प्रवक्ता ने बताया कि इस भीषण अग्निकांड में 104 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं जिनमें से 11 की हालत गंभीर बतायी जा रही है. उन्होंने बताया कि घायलों में 16 बच्चे भी हैं. लोग आग से बचने के लिए समुद्री किनारे की ओर जा रहे हैं जहां से उन्हें नौसेना की जहाज़ो, व मछली पकड़ने वाली नावों के माध्यम से रेस्क्यू किया जाएगा.
ग्रीस कोस्ट गार्ड ने बताया कि उन्हें आग लगने वाली जगह के नज़दीक तीन औरतों और एक बच्चे की लाश मिली है.ग्रीस सरकार ने आग की समस्या से निपटने के लिए यूरोपियन यूनियन से मदद की गुहार की है. आग की वजह से दर्जनों घर और कारें जल गईं और इसकी वजह से टूरिस्ट और वहां के निवासी एथेंस के पूर्वी क्षेत्र में समुद्री किनारों की ओर भाग रहे हैं.