जीवनगढ़ पुलिया पर अतिक्रमण हटाने पहुँची टीम का लोगों ने किया विरोध, सपा नेताओं से हुई जमकर नौकझौंक

अलीगढ़ के थाना क्वार्सी इलाके के जीवनगढ़ पुलिया पर नगर निगम की टीम को अतिक्रमण हटाते हुए लोगों को चालान थमाना भारी पड़ गया। स्थानीय लोगों की आक्रोशित भीड़ ने टीम को चारों ओर से घेर लिया। सूचना के बाद मौके पर इलाका पुलिस भारी फोर्स के साथ पहुंच गई। इसी बीच समाजवादी पार्टी के नेतागण भी पहुंच गए। देखते ही देखते माहौल इतना गरम हो गया कि नगर निगम की टीम और पुलिस के साथ समाजवादी पार्टी के नेता अज्जू इशाक और सलमान की जमकर नोकझोंक हो गई। सपा नेता अज्जू इशाक व सलमान का कहना है कि नगर निगम अतिक्रमण के नाम पर गरीबों को लूट रहा है। अगर दम है तो यह अतिक्रमण कार्यवाही एटा चुंगी से शुरू की जाए और उसके बाद जीवनगढ़ व अन्य जगह पर अभियान चलाया जाए। आरोप लगाया कि एटा चुंगी क्षेत्र में भाजपा नेताओं के गेस्ट हाउस व कोठियां बनी हुई है। वहां कार्यवाही न करके गरीबों का खून चूसा जा रहा है। ऐसा समाजवादी पार्टी हरगिज बर्दाश्त नहीं करेगी। वहीं, नगर निगम अधिकारी का कहना है कि पिछले 1 हफ्ते से मुनादी कराने के बावजूद भी जिन्होंने स्वयं अतिक्रमण नहीं हटाया, उनका चालान काटा गया है। हंगामे के चलते कार्यवाही स्थगित कर दी गई है।