महिला के साथ छेड़छाड़ कर रहे युवक का महिलाओं ने उतारा भूत…

अलीगढ़ के थाना बन्नादेवी इलाके के मलखान सिंह जिला अस्पताल में एक युवक द्वारा महिला के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। जिसका विरोध करते हुए कैंपस में मौजूद महिलाओं ने युवक को पकड़ लिया और जमकर धुनाई करते हुए युवक का भूत उतारना शुरू कर दिया। इस दौरान महिलाओं का रौद्र रूप देखने को मिला। दरअसल अस्पताल परिसर में अराजक तत्व का जमावड़ा लगा रहता है। जो कि कैंपस में रहकर ही मादक पदार्थों का सेवन करते हैं।

जिनके विरुद्ध ना तो सीएमएस द्वारा कोई एक्शन लिया जाता है और ना ही पुलिस इन पर कार्यवाही करती है। जिसके चलते यह लोग अस्पताल में इस तरह की घटनाओं को अंजाम देते हैं। महिला ने जानकारी देते बताया वह सराय लवरिया की रहने वाली है और मलखान सिंह जिला अस्पताल में एक डॉक्टर के लिए खाना बनाने आती है।

घटना के वक्त उसकी गोद में बच्चा लगा हुआ था। तभी यह आरोपी युवक नशे की हालत में आया और अशोभनीय भाषा में कमेंट करते हुए छेड़छाड़ करने लगा। महिला के बताए अनुसार थोड़ी सी आगे जाकर कैंपस में मौजूद लोगों से शिकायत की, तो वहां महिलाओं की भीड़ ने युवक को पकड़ लिया और जमकर धुनाई करते हुए पुलिस के हवाले कर दिया है। वहीं, पुलिस अग्रिम कार्यवाही में जुटी हुई है।