दिल्ली में ब्लैक फंगस के सामने आये 600 मामले, सत्येंद्र जैन बोले- बाहर के मरीज़ भी शामिल….

नई दिल्ली: कोरोना के साथ अब ब्लैक फंगस का संक्रमण भी बड़ी समस्या बन गया है. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी ब्लैक फंगस के केस पिछले कुछ दिनों में तेज़ी से बढ़े हैं. दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने बताया कि इस वक़्त दिल्ली में ब्लैक फंगस से संक्रमित करीब 600 मरीज़ों का उपचार किया जा रहा है जिसमें दिल्ली और दिल्ली के बाहर के मरीज़ भी शामिल हैं.

सत्येन्द्र जैन ने कहा कि दिल्ली में 23 मई को लगभग  200 ब्लैक फंगस के मामले थे. कुल मिलाकर 600 के लगभग ब्लैक फंगस के केस अभी तक आ चुके हैं, दिल्ली में जिसमें दिल्ली के और दिल्ली के बाहर के लोग भी शामिल हैं. पिछले 2 दिन में केस 100 से प्रतिदिन कम मामले आये हैं, इससे पहले 200 से अधिक मामले थे. बीते 2 दिन में करीब 70 केस रोज़ आये हैं, जिसमें से दो तिहाई केस दिल्ली के हैं और एक तिहाई बाहर के.

ब्लैक फंगस के उपचार के लिए आवश्यक इंजेक्शन की कमी पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि इंजेक्शन का कोटा केंद्र सरकार ने निर्धारित किया हुआ है. उसके हिसाब से दिल्ली को जो कोटा मिल रहा है वो काफी कम है. दिल्ली में केस बहुत अधिक हैं और इस दवाई की काफी कमी है. हम अपील करेंगे कि अधिक से अधिक इंजेक्शन मुहैया करायें. एक मरीज़ को रोज़ लगभग 6 इंजेक्शन लगते हैं तो हमें कल 370 इंजेक्शन मिले तो इसमें 50-60 लोगों को ही लग सकेगा. दिल्ली के कई अस्पतालों में निजी और सरकारी दोनों में ब्लैक फंगस के मरीजों का उपचार चल रहा है. बस इंजेक्शन की समस्या बहुत बड़ी है क्योंकि ये बिल्कुल भी उपलब्ध नहीं हैं.