
रांची, रांची के सुखदेवनगर थाना पुलिस ने कट्टा के साथ अंकित कुमार पासवान नामक युवक को सोमवार को गिरफ्तार किया है। वह मूल रूप से बिहार के छपरा जिले के जलालपुर स्थित सकरी गांव का रहने वाला है। रांची में वह सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के ही न्यू मधुकम महुआ टोली में रहता था। उसकी गिरफ्तारी मधुकम स्थित मुर्गा मैदान से हुई है।

उसके खिलाफ सुखदेवनगर थाना में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। सुखदेवनगर थानेदार ममता कुमारी को गुप्त सूचना मिली थी कि मधुकम के मुर्गा मैदान के पास एक युवक हथियार के साथ मौजूद है और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने वाला है। इसी सूचना पर उन्होंने टाइगर जवान और गश्ती पुलिस को मौके पर भेजा। पुलिस को देखकर अंकित भागने लगा। उसे पुलिस ने दौड़ाकर पकड़ा है।