
जालंधर/ पटियाला, पंजाब में ब्लैक फंगस (Black Fungus) के मामले दिन ब दिन बढ़ते जा रहे हैं। पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में ब्लैक फंगस के कुल दस मामले सामने आए हैं। इनमें से पांच मरीज बठिंडा, चार जालंधर और एक मोगा जिले में मिला है। इस दौरान ब्लैक फंगस से लुधियाना में एक मरीज की मौत हो गई है।

बठिंडा जिले में इसके कुल मरीजों की संख्या 27 हो चुकी है। बठिंडा में पिछले 24 घंट में मिले पांच मरीजों मिले उनमें से तीन महिलाएं हैं। डाक्टरों के अनुसार सभी कोरोना से पीडि़त थे। भुच्चो मंडी के आदेश अस्पताल में दाखिल इन पांच मरीजों में से चार मरीजों की सर्जरी की गई है। एक मरीज अपना टेस्ट करवाने के बाद घर चला गया। आदेश अस्पताल में ब्लैक फंगस के कुल 22 मरीज दाखिल हैं, तो चार मरीज नामदेव रोड पर स्थित एक निजी अस्पताल में दाखिल है। इसके अलावा एक मरीज लुधियाना के डीएमसी में दाखिल है।
जालंधर में पिछले 24 घंटे के दौरान ब्लैक फंगस के चार मरीज मिले हैं और जिले में इसके कुल मरीजों की संख्या 43 पहुंच गई है। मोगा में रविवार को ब्लैक फंगस का एक मरीज मिला है और उसे पीजीआइ रेफर कर दिया गया है। मोगा में कुल मरीजों की संख्या दो हो गई है। इसके अलावा लुधियाना में अब तक 33 और अमृतसर में नौ मरीज ब्लैक फंगस के मिले हैं।
सरकार ने बनाई पांच सदस्यीय कमेटी
पंजाब में लगातार बढ़ रहे ब्लैक फंगस के मरीजों का इलाज करने के लिए मेडिकल कालेज के वाइस प्रिंसिपल एवं कोविड-19 वार्ड के मुखी डा. आरपीएस सीबिया की देखरेख में पांच सदस्यीय एक कमेटी गठित की है। पंजाब के किसी भी अस्पताल में ब्लैक फंगस का कोई मरीज आता है तो वहां के डाक्टर मरीज का इलाज करने के लिए दिक्कत पेश आने पर उक्त कमेटी से सलाह मशवरा करेंगे।
पंजाब सरकार की चीफ सेक्रेटरी विनी महाजन ने बताया कि यह कमेटी न केवल मरीजों का इलाज करने में अपना सहयोग करेगी बल्कि सरकारी तौर पर फंगस के इलाज के लिए खरीदी जाने वाली दवा के लिए भी सहयोग करेगी। पांच सदस्यीय कमेटी में डाक्टर सीबीया चेयरमैन होंगे। पटियाला मेडिकल कालेज में ईएनटी विभाग के प्रमुख डा. संजीव भगत, डीएमसी से डा. मुंजाल, अमृतसर मेडिकल कालेज से डा. धंजु के अलावा सीएमसी के एक डाक्टर को कमेटी में शामिल किया गया है।