छत्तीसगढ़ में युवक को तमाचा मारना IAS ऑफिसर को पड़ा भारी, भूपेश बघेल ने हटाने के दिए निर्देश

रायपुर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रविवार को सूरजपुर जिले में चल रहे कोविड-19 लॉकडाउन के दौरान सुरक्षा मानदंडों का उल्लंघन करने के आरोप में एक व्यक्ति को थप्पड़ मारने और अपने फोन को जमीन पर फेंकने वाले एक वरिष्ठ आईएएस अधिकारी को हटा दिया।



बघेल ने ट्वीट करते हुए कहा, “सूरजपुर जिला कलेक्टर रणबीर शर्मा द्वारा एक युवक के साथ दुर्व्यवहार की घटना सोशल मीडिया द्वारा मेरे ध्यान में लाई गई है। यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। छत्तीसगढ़ में ऐसी कोई भी घटना बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कलेक्टर रणबीर शर्मा को तत्काल हटाने के निर्देश दिए हैं।”

मुख्यमंत्री ने कहा, “एक अधिकारी का द्वारा दुर्व्यवहार अस्वीकार्य है। मुझे इस घटना पर खेद है।” छत्तीसगढ़ सरकार ने आदेश जारी कर रायपुर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गौरव कुमार सिंह को सूरजपुर का नया कलेक्टर नियुक्त किया है। 

आईएएस एसोसिएशन ने भी घटना की निंदा करते हुए ट्वीट किया, “हम कलेक्टर सूरजपुर, छत्तीसगढ़ के व्यवहार की कड़ी निंदा करते हैं। यह अस्वीकार्य है। सेवा और सभ्यता के मूल सिद्धांतों के खिलाफ है। सिविल सेवकों को सहानुभूति होनी चाहिए और समाज को एक उपचारात्मक स्पर्श प्रदान करना चाहिए। इन कठिन समय में और भी अधिक।”

घटना का वीडियो वायरल होने के बाद अधिकारी के खिलाफ व्यापक गुस्से को भड़काते देख शर्मा ने एक बयान में माफी मांगते हुए कहा कि उनका कभी भी “वीडियो में व्यक्ति का अनादर या अपमान करने” का कोई इरादा नहीं था। शर्मा ने उस व्यक्ति पर अधिकारियों के साथ अधिक दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया।

उन्होंने यह भी कहा कि मीडिया रिपोर्टों के विपरीत वह आदमी नाबालिग नहीं है और वास्तव में 23 साल का है।