
जमशेदपुर, छह दिन के बाद शुक्रवार को शहर कोविशील्ड वैक्सीन पहुंची लेकिन डोज काफी कम होने की वजह से सिर्फ 4500 लोगों को ही लग सकेगा। जिला स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, लोगों की संख्या अधिक है और वैक्सीन कम मात्रा में पहुंची है। जिसके कारण दूसरे डोज लेने वाले अधिकांश लोग वंचित रह जाएंगे।

हालांकि, सिविल सर्जन डॉ. एके लाल ने बताया कि वैक्सीन की डोज और भी आने वाली है। लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। सभी को समय पर वैक्सीन मिलेगा। कोविशील्ड वैक्सीन की 4500 डोज शहर पहुंच चुकी है। केंद्रों का चयन किया जा रहा है। शनिवार से लगभग सभी सरकारी केंद्रों पर लोगों को दूसरा डोज दिया जाएगा। वहीं लगभग आधे दर्जन सेंटरों पर कोवैक्सीन की डोज दी जा रही है। यहां 45 साल से ऊपर कोई भी व्यक्ति जाकर वैक्सीन ले सकता है।
दूसरे डोज के लिए पांच दिन से भटक रहे लोग
पूर्वी सिंहभूम जिले में कोविशील्ड वैक्सीन खत्म होने की वजह से बीते पांच दिनों से लोग भटक रहे हैं। हालांकि, शनिवार से जिनका दूसरा डोज का समय पूरा हो गया है उन सभी को मिलेगा। कोविशील्ड का दूसरा डोज 42 से 56 दिन के अंदर लेना है। उस कारण स्वास्थ्य विभाग पहला डोज ले चुके लोगों को प्राथमिकता दे रहा है।
आज इन-इन केंद्रों पर पड़ रही कोवैक्सीन
– साकची स्थित रवींद्र भवन
– साकची स्थित रेड क्रास भवन
– बिष्टुपुर स्थित राजेंद्र विद्यालय
– बिष्टुपुर स्थित एलआसी भवन
– परसुडीह स्थित सदर अस्पताल
– बिष्टुपुर स्थित सेंट मेरीज हाई स्कूल
– बिष्टुपुर स्थित टाटा मुख्य अस्पताल
– टेल्को स्थित टाटा मोटर्स अस्पताल
– टिनप्लेट स्थित टिनप्लेट अस्पताल