छत्तीसगढ़: राजधानी के जिला अस्पताल में डाक्टरों व अन्य स्टाफ की कोरोना ड्यूटी से OPD में कम पंहुच रहे डाक्टर

रायपुर। महामारी के दौर में कोरोना के इलाज और व्यवस्था में स्वास्थ्य विभाग ने पूरी ताकत झोंक दी है। अधिकांश डाक्टर और चिकित्सा कर्मियों की ड्यूटी कोरोना में लगने और पर्याप्त स्टाफ न होने के चलते जिला अस्पताल समेत कई स्वास्थ्य केंद्रों में अन्य स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही है।

जानकारी के मुताबिक राजधानी के जिला अस्पताल में डाक्टरों व अन्य स्टाफ की कोरोना ड्यूटी से स्टाफ की कमी से ओपीडी में डाक्टर कम पहुंच रहे हैं। वहीं, कान, नाक, गला, आंख, हड्डी रोग समेत सामान्य सर्जरी बंद हैं। इधर, स्वास्थ्य केंद्रों की बात करें तो जिले के आठ सामुदायिक, 36 प्राथमिक, 150 से अधिक ग्रामीण उप स्वास्थ्य केंद्र और 103 शहरी स्वास्थ्य सेवा केंद्रों भी चिकित्सा व्यवस्था का हाल बुरा है।

जहां कोविड ड्यूटी के नाम पर कुछ कर्मी नहीं आ रहे तो कई समय पर ही अस्पतालों में नज़र नहीं आते हैं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि कोविड के चलते कई शासकीय स्वास्थ्य योजनाएं भी प्रभावित हुई है।

राज्य में जमीनी स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं का भी यही हाल

विभागीय जानकारी के मुताबिक विभाग में पहले ही डाक्टर और चिकित्सा कर्मियों की भारी कमी थी। कोविड की वजह से ज्यादातर कर्मियों की ड्यूटी लगने के कारण अन्य स्वास्थ्य व्यवस्थाओं के लिए दिक्कत आ रही है। हालांकि कोविड में जिला प्रशासन, निगम समेत कई अन्य विभाग के कर्मी भी स्वास्थ्य व्यवस्था में सहयोग दे रहे हैं।

राज्य में चिकित्सकों व चिकित्सकीय स्टाफ की स्थिति पर एक नजर

-11,000 से अधिक पंजीकृत डाक्टर हैं राज्य में

-3500 से स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत चिकित्सक

-300 से अधिक शासकीय मेडिकल कालेजों में

-700 आयुर्वेदिक डाक्टर शासकीय सेवा में

-14,000 डेंटल डाक्टर, सीएचओ, आरएमए समेत अन्य कर्मी सेवारत

-29 हजार करीब पैरामेडिकल स्टाफ कार्यरत राज्य में

जिला स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सा कर्मियों की स्थिति

200 करीब डाक्टर जिला स्वास्थ्य विभाग में

400 से अधिक नर्सिंग, एएनएम स्टाफ

150 लैब टेक्नीशियन

500 से अधिक जिला स्वास्थ्य विभाग के कर्मी हुए हैं संक्रमित

ड्यूटी में रोटेशन होता है

‘राज्य में सभी डाक्टर, नर्सिंग कर्मी और अन्य स्टाफ किसी न किसी रूप में कोविड से जुड़ी सेवाएं दे रहे हैं। ड्यूटी में रोटेशन होते रहता है। इसलिए अन्य व्यवस्थाएं भी समानान्तर चल रही है। सभी जिलों में आपातकालीन सेवाएं भी यथावत है। कुछ जगह समस्या हो सकती है। जिसे जानकारी मिलने पर विभाग दूर कर देता है।’

-डा. सुभाष मिश्रा, नोडल अधिकारी, राज्य कोरोना नियंत्रण अभियान

ड्यूटी रोस्टर के आधार पर काम होता है

‘जिले में डाक्टरों, नर्सिंग कर्मियों व अन्य स्टाफ हर स्तर पर कोविड से जुड़ी सेवाओं में जुटे हैं। ड्यूटी रोस्टर के आधार पर काम होता है। स्टाफ की कमी के चलते थोड़ी दिक्कत आ रही है।’

-डाक्टर मीरा बघेल, सीएमएचओ, जिला-रायपुर

कोविड के चलते अन्य मरीज काफी कम आ रहे

‘पंडरी जिला अस्पताल में मेडिकल कालेज की यूनिट चल रही। कालीबाड़ी में यथावत स्वास्थ्य सेवाएं मिल रही। हमने अपने वार्ड और ओटी मेडिकल कालेज को दे रखे हैं। इसलिए जिला अस्पताल की तरफ से सर्जरी बंद है। ओपीडी का संचालन हो रहा है। वैसे भी कोविड के चलते अन्य मरीज काफी कम आ रहे।’