झारखंड: नाली विवाद में युवक की हत्या, ग्रामीणों ने आरोपी के घर पर बोला हमला, तीन बाइक आग के हवाले

लोयबाद, धनबाद जिले के लोयाबाद थाना क्षेत्र के कनकनी चौहान पट्टी में रविवार को नाली विवाद में एक युवक की हत्या कर दी गई। जबकि मृतक के भाई की स्थिति काफी गंभीर है। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपी के घर पर हमला बोल दिया। घर में जमकर तोड़-फोड़ की। घर के सामने आरोपी की दो बाईक तथा थाना के सामने एक बाईक को आग के हवाले कर दिया। आक्रोशित ग्रामीणों ने हिरासत में लिये गये दो आरोपितों को हवाले करने की मांग करते हुए थाने का घेराव किया। धनबाद-कतरास मुख्य मार्ग को जाम कर किया। घटना के बाद स्थिति तनावपूर्ण है। लोयाबाद समेत जोगता, पुटकी और केंदुआ थाना की पुलिस घटनास्थल पर कैंप कर रही है। पुलिस दो आरोपी और उसके पिता को हिरासत में ले लिया है। 

रोहन की माैत, उत्तम गंभीर

कनकनी चौहान पट्टी में नाली विवाद को लेकर सीताराम चौहान और उमेश चौहान के पुत्रों के विवाद हुआ। देखते ही देखते ही मारपीट शुरू हो गई। सीताराम चौहान के पुत्रों ने चाकू से उमेश चौहान के पुत्रों पर हमला कर दिया। जिसमें रोहन चौहान और उत्तम चौहान दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनो को इलाज के लिए एसएनएमसीएच में भर्ती कराया जहां चिकित्सक ने रोहन चौहान की मृत्यु घोषित कर दिया।

मौत की खबर पहुंचते ही आरोपियों के घर पर हमला

गांव में रोहन चौहान की मौत की खबर पहुंचते ही उसके स्वजन व गांव के लोगों में गम-गुस्सा भर गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपित के घर पर हमला बोल दिया। घर में जमकर उत्पात मचाया। घर के अंदर तोड़ फोड़ की। घर की महिलाओं ने खुद को कमरे में बंद हो कर अपनी जान बचाई। 

आक्रोशित ग्रामीणों ने किया थाने का घेराव

घरों में तोड़फोड़ के बाद उग्र ग्रामीण थाना पहुंचे। जमकर बवाल काटा। बैरिकेडिंग को तोड़ कर कर थाना के सामने ट्रक को आड़े तिरक्षा खड़ा कर सड़क जाम कर दिया। इस दौरान पुलिस और उग्र ग्रामीण युवकों के बीच नोकझोंक भी हुई। सड़क जाम है। थाने के सामने लोग डटे हुए हैं।