
रांची, रांची के एयरपोर्ट इलाके में धर्मदेव साहू उर्फ गब्बर की हत्या के खिलाफ ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। रविवार को स्थानीय ग्रामीणों ने थाने का घेराव कर दिया। लोगों का कहना है कि एयरपोर्ट थाना प्रभारी अपराधियों को पकड़ने में नाकाम हैं। इलाके में क्राइम कंट्रोल भी उनके बस में नहीं। इधर ग्रामीणों ने हत्या के मामले में एक अपराधी को पकड़कर पुलिस को सौंपा है। हालांकि पुलिस संबंधित अपराधों की भूमिका की जांच कर रही है। फिलहाल इस पूरे प्रकरण में पुलिस कुछ भी बताने से बच रही है।

गौरतलब है कि एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के हुंडरू में हुई जमीन कारोबारी धर्मदेव साहू उर्फ गब्बर (40) की ताबड़तोड़ गोली मारकर हत्या करने मामले में पुलिस को कोई सुराग हाथ नहीं लगा है। दो दिनों बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। बीते 30 अप्रैल को अपराधियों ने सारी गोलियां सीने के आसपास उतार दिया गया। घटना बिरसा मुंडा एयरपोर्ट परिसर स्थित थाना से महज एक किलोमीटर की दूरी पर अंजाम दिया गया था। बाइक पर आए चार हथियारबंद अपराधी घटना को अंजाम देने के बाद आराम से भागे थे।जानकारी के अनुसार धर्मदेव साहू उर्फ गब्बर हुंडरू का रहने वाला था। वह शाम करीब 5:00 बजे अपने घर से निकल कर हुंडरू मुख्य सड़क पर पप्पू के लकड़ी कटिंग दुकान के पास पहुंचा था। वहां खड़ा रहने के दौरान दो बाइक पर चार हथियारबंद अपराधी पिस्तौल लहराते हुए पहुंचे और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग भागने लगे, वहां अफरा तफरी मच गई थी। अपराधियों ने गोली मारने के बाद धर्मदेव के पास सट कर देखा। इसके बाद वहां से एक पत्थर उठाई और सिर कूच दिया। इसके बाद वहां से आराम से निकल गए। घटना की सूचना मिलने के बाद एयरपोर्ट थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया। जबकि घटनास्थल से दो पिस्टल और गोलियों का 10 खोखा बरामद किया गया है। पुलिस घटना को अंजाम देने वाले अपराधियों की तलाश में जुट गई है।
घटना के पीछे जमीन विवाद आ रहा सामने
पुलिस के अनुसार धर्मदेव साहू उर्फ गब्बर का अपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तीन अलग-अलग मामले दर्ज हैं। वह आर्म्स सप्लायर भी रह चुका है। पुलिस को जानकारी मिली है कि इस घटना को पांच एकड़ जमीन के विवाद में अंजाम दिया गया है। घाघरा नदी के समीप स्थित एक 5 एकड़ जमीन पर कब्जा को लेकर रामधनी साहू से विवाद चल रहा था। इसके अलावा इसी जमीन पर काम के सिलसिले में अपने पार्टनर नंदलाल साहू से भी मनमुटाव हो गया था। इन दोनों बिंदुओं पर पुलिस छानबीन में जुट गई है।
एयरपोर्ट इलाके में लगातार हो रही गोलीबारी की घटना, कई मामलों से गब्बर का जुड़ाव
एयरपोर्ट इलाके में लगातार गोलीबारी की घटनाएं हो रही है। अलग-अलग मामलों में गब्बर का जोड़ा सामने आता रहा है। एयरपोर्ट थाना कांड संख्या 55/20 में शुभम पर गोलीबारी की घटना हुई थी। इसमें गब्बर आरोपित रहा है। 56/20 में गंगा साहू ने बिन्नू ग्रुप और अन्य पर गोलीबारी की एफआइआर दर्ज कराई थी। जबकि 57/20 में बिन्नू गोप की गाड़ी से गोलियां बरामद की गई थी। इससे पहले भी जमीन विवाद में गोलीबारी की कई घटनाएं हुई है।
विवाद की जानकारी रहते हुए भी पुलिस नहीं हुई अलर्ट
स्थानीय लोगों के अनुसार इस गोलीबारी की घटना से पहले ही पूरे इलाके में धर्मदेव साहू पर हमला होने के चर्चे थे। इसकी जानकारी पुलिस को थी। इसके बावजूद पुलिस ने कोई कदम नहीं उठाया, इस बीच घटना घट गई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि एयरपोर्ट इलाके में सक्रिय जमीन कारोबारी थाने के संपर्क में रहते हैं। इसी से जमीन माफियाओं का मन बढ़ा है और अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही है।