झारखंड: हेमंत सरकार ने युवाओं को दिया बड़ा झटका, 1 मई से नहीं लगेगी कोरोना वैक्‍सीन, जानिए करण….

रांची, झारखंड में 18 से 44 वर्ष के आयु के नागरिकों में टीकाकरण को लेकर काफी उत्साह देखा जा रहा है। इस आयु वर्ग के लोग खासकर युवा लगातार कोविन पोर्टल पर अपना रजिस्ट्रेशन करा रहे हैं। राज्य सरकार ने भी इसकी तैयारी पूरी कर ली है, लेकिन एक मई से इनका टीकाकरण शुरू होने पर अभी संशय बरकरार है।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि 18 से 44 वर्ष के नागरिकों के मुफ्त टीकाकरण की तैयारी पूरी कर ली गई है। वैक्सीन उपलब्ध होने पर इस आयु के लोगों का टीकाकरण शुरू हो जाएगा। स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा है कि राज्य सरकार ने 2,229 केंद्रों पर टीकाकरण की तैयारी की है। यदि केंद्र टीका उपलब्ध कराती है तो एक मई से टीकाकरण शुरू कर दिया जाएगा।

इधर, दूसरे दिन भी 18 से 44 वर्ष के बड़ी संख्या में नागिरकों ने टीकाकरण के लिए अपना रजिस्ट्रेशन कराया। हालांकि न तो स्लॉट आवंटित हुआ, न ही टीकाकरण के लिए अप्वाइटमेंट ही मिला। इससे युवा निराश नजर आए। बता दें कि राज्य सरकार ने 45 वर्ष से अधिक आयु के लोगों के लिए मिली वैक्सीन से ही 18 से 44 वर्ष के नागरिकों के भी टीकाकरण शुरू करने की तैयारी की थी, लेकिन केंद्र ने इससे मना कर दिया। अब राज्य सरकार ने केंद्र से इसकी अनुमति देेने का अनुरोध किया है। साथ ही कंपनियों से भी शीघ्र टीका उपलब्ध कराने को कहा है।

लोग रहे परेशान, कोई वैक्‍सीनेशन सेंटर नहीं हो रहा बुक

झारखंड सरकार ने गुरुवार को साफ कर दिया कि आगामी एक मई से राज्य में 18 वर्ष और इससे अधिक उम्र के लोगों के वैक्सीनेशन का कार्य प्रारंभ नहीं हो सकेगा। राज्य को वैक्सीन की सप्लाई नहीं होने के कारण यह परेशानी सामने आई है। इस बीच मौजूदा हालात से अनजान लोग पूरे दिन वैक्सीनेशन के लिए पंजीकरण कराने में जुटे रहे। दो दिनों की मेहनत के बावजूद सफलता नहीं मिली।

कोरोना की वैक्सीन के लिए 18 वर्ष से अधिक आयु के लोगों के लिए रजिस्ट्रेशन विंडो 28 अप्रैल से खोल तो दिया गया है, लेकिन लाेगों को सेंटर नहीं मिल रहे। बुधवार को तो पंजीकरण के लिए ओटीपी ही नहीं मिल रहा था। गुरुवार को लोग कोविन एप जाकर पंजीकरण कराना शुरू किए तो ओटीपी मिला और रजिस्ट्रेशन भी हुआ, लेकिन सेंटर बुक नहीं हो रहा था। रांची के बूटी गवर्मेंट स्कूल, क्लीनिक अपोलो, डीएन प्रसाद आइ सेंटर, डीएसपी हेड क्वार्टर धुर्वा, गवर्मेंट हाई स्कूल हटिया, हरमू हॉस्पिटल, जगन्नाथ अस्पताल, कांके सीएचसी सहित सभी टीकाकरण सेंटरों पर 18 वर्ष से अधिक वाले के लिए बुक नहीं हो रहा था। सभी सेंटर के नीचे लिखा हुआ था मिनिमम एज लिमिट फार बुकिंग 45 प्लस। 30 अप्रैल से 6 मई तक की बुकिंग हो रही थी, लेकिन 45 वर्ष से अधिक वालों की।

समय पर लगे टीका ताकि बचें संक्रमण से

केंद्र सरकार ने 18 से 44 वर्ष के आयु के लोगों के टीकाकरण के लिए राज्यों से कहा है कि वे सीधे कंपनियों से टीका खरीदें। राज्य सरकार ने 18 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को निश्शुल्क टीकाकरण को लेकर तैयारी भी शुरू कर दिया था। अंतिम समय पर वैक्सीन की डोज नहीं मिलने के कारण इसे टालना पड़ा।

क्या कहते हैं युवा

कल भी रजिस्ट्रेशन के लिए परेशान हुआ और आज भी। आज रजिस्ट्रेशन तो हुआ लेकिन सेंटर ही बुक नहीं हुआ तो क्या फायदा। लग रहा है सरकार हम युवाओं को बेवकूफ बना रही है। यह बिल्कुल गलत है। कार्तिक

जब सेंटर ही बुक नहीं हो रहा है तो रजिस्ट्रेशन का कोई मतलब नहीं है। सरकार निश्शुल्क टीकाकरण की बात तो कह दिया, लेकिन कोरोना संक्रमण जिस तरह से बढ़ रहा है, ऐसे में जल्द टीका मिलता तो बेहतर होता। अमिता कुमारी

काेरोना का टीका खुले बाजार में उपलब्ध हेाना चाहिए। जिसे इच्छा होती वह टीका ले सकता था। ये रजिस्ट्रेशन और बुकिंग का चक्कर तो बेकार है। इससे तो युवाओं को तनाव बढ़ रहा है। यह गलत है। शिखर कुमार

युवाओं को टीका देने की बारी आई तो केंद्र सरकार हमलोगों को राज्य सरकार के भरोसे छाेड़ दिया। लगता है हम युवा महत्वपूर्ण नहीं हैं। समय पर टीका लग रहा है या नहीं, इसकी चिंता सरकार को करनी चाहिए। कुणाल कुमार

4.67 लाख लोग दूसरी डोज लेकर हो चुके हैं कोरोना से सुरक्षित

राज्य में अबतक 4.67 लाख लाेग दोनों डोज का टीका लेकर कोरोना से सुरक्षित हो चुके हैं। गुरुवार को भी राज्य में 28,396 लोगों का टीकाकरण हुआ। इसके तहत 14,764 लोगों को पहली डोज तथा 13,632 को दूसरी डोज का टीका लगा। पहली डोज लेनेवालों में 163 हेल्थ केयर वर्कर्स, 1,643 फ्रंटलाइन वर्कर्स तथा 12,958 नागरिक 45 वर्ष से अधिक आयु के हैं। वहीं, दूसरी डोज लेनेवालों में 533 हेल्थ केयर वर्कर्स, 1600 फ्रंटलाइन वर्कर्स तथा 11,510 नागरिक 45 वर्ष से अधिक आयु के हैं। बता दें कि राज्य में अबतक 26,25,540 लोगों का पहली डोज का टीकाकरण हो चुका है।