
जमशेदपुर, झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर से गिरफ्तार किए गए पंजाब के वांटेड अपराधी गैवी सिंह उर्फ विजय उर्फ ज्ञानी का संपर्क पाकिस्तान और जम्मू-कश्मीर के नशा तस्करों से था। हथियार तस्करों से भी उसके संपर्क रहे हैं। इसकी जानकारी गैवी सिंह ने आदित्यपुर में गिरफ्तारी के बाद सरायकेला-खरसावां जिले के वरीय पुलिस अधिकारियाें को पूछताछ में दी थी।

हालांकि अधिकारी मामले में अधिकारिक रूप से कुछ नहीं बताने से इंकार किया है। कहा कि पंजाब पुलिस का मामला था। गिरफ्तारी के बाद पंजाब पुलिस आरोपित के संबंध में जाने। फरवरी 2020 में 11 किलो हेरोइन बरामदगी मामले में पंजाब के जालंधर थाना में वह वांछित था। उस पर हत्या, आर्म्स एक्ट, लूटपाट, डकैती और आर्म्स एक्ट समेत ड्रग्स तस्करी के 11 मामले पंजाब में दर्ज है। फिरोजपुर जेल में बंद गैंगस्टर चंदन उर्फ चंदू के साथ भी आरोपित संपर्क में रहा है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, यूपी के वांटेड अपराधी जयपाल भुल्लर का वह नजदीकी रहा है। विगत फरवरी में गैवी सिंह का साथी जालंधर में गिरफ्तार हुआ था। उससे मिली जानकारी के बाद पुलिस गैवी सिंह को तलाश करते हुए आदित्यपुर पहुंची।
आदित्यपुर में हमेशा आना-जाना करता था ड्रग्स तस्कर गैवी सिंह
मूल रूप से ड्रग्स के धंधे से जुड़ा पंजाब का अपराधी गैवी सिंह आदित्यपुर और सरायकेला इलाके में हमेशा आना-जाना करता था। पंजाब पुलिस की खोजबीन के बाद उसने आदित्यपुर को अपना अड्डा बना लिया था। हरिओम नगर के एक फ्लैट में वह पत्नी और बच्चों के साथ रह रहा था। आदित्यपुर मुस्लिम बस्ती में ड्रग्स का धंधा लंबे समय से संचालित हो रहा है और इसी इलाके में गैवी सिंह के आने-जाने से यह संभावना बन रही है कि आरोपित स्थानीय ड्रग्स विक्रेताओं को ड्रग्स तो नहीं उपलब्ध कराता था। इलाके में ड्रग्स की सप्लाई उसके द्वारा तो नहीं की जा रही थी। सरायकेला में कई बार डोडा भी पकड़े गए थे। डोडा की आपूर्ति भी पंजाब से होने की बात धंधे से जुड़े आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद आते रहे है।