SAD अध्यक्ष सुखबीर बादल के घर कोरोना नियमों का उल्लंघन, SOI प्रधान राबिन बराड़ सहित 150 पर केस दर्ज

लंबी/बठिंडा, शिरोमणि अकाली दल के प्रधान और पूर्व उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल के घर पर बुधवार को जमकर कोरोना प्रोटोकाल का उल्लंघन हुआ। इसके बाद थाना लंबी में अकाली दल के स्टूडेंट विंग एसओआइ के नवनियुक्त प्रधान राबिन बराड़ सहित करीब 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। राबिन बराड़ को मंगलवार को एसओआइ का प्रधान नियुक्त किया गया था जिसके बाद वह बुधवार बड़ी संख्या में अपने समर्थकों के साथ गांव बादल में सुखबीर बादल के निवास स्थान पर पहुंचे थे।

कार्यक्रम के दौरान यह अनाउंसमेंट भी की गई कि वहां मौजूद कोई भी व्यक्ति इस प्रोग्राम की ना तो वीडियो बनाए और ना ही फोटो खींचे। लेकिन इससे पहले ही न केवल वीडियो बन चुके थे बल्कि फोटो भी खींचे जा चुके थे जो बाद में इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गए। इस दौरान सुखबीर सिंह बादल ने कार्यकर्ताओं और समर्थकों को संबोधित भी किया। उन्होंने कहा कि इस समय एसओआइ को और मजबूत होने की जरूरत है। विधानसभा चुनाव में आठ माह का समय ही बचा है। अगर हम मजबूत होंगे तो ही हमारी सरकार बन सकती है। सुखबीर ने यह भी कहा कि आपको इतना इकट्ठ नहीं करना चाहिए था। सुखबीर ने कोरोना को देखते हुए सभी को कोरोना पीड़ितों की मदद करने की अपील की।

इस मामले को लेकर थाना लंबी के प्रभारी एसएचओ चंदर सेन ने बताया कि राबिन बराड़ समेत 100 से 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ कोरोना प्रोटोकाल का उल्लंघन के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। वीडियो और फोटो देखने के बाद शेष लोगों की पहचान होने पर उन्हें इस मामले में नामजद किया जाएगा।

बड़ा सवाल, क्या सुखबीर पर होगा केस दर्ज

कोरोना प्रोटोकाल तोड़ने पर भले ही थाना लंबी में राबिन बराड़ के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है लेकिन सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या सुखबीर सिंह बादल के खिलाफ पुलिस केस दर्ज करेगी? सुखबीर फोटो में अपने घर पर पहुंचे कार्यकर्ताओं और समर्थकों को संबोधित करते हुए नजर भी आ रहे हैं।