
लुधियाना, जिले के हैबोवाल की गोपाल नगर पुली इलाके में उस समय दहशत का माहौल बन गया। जब पुलिस की वर्दी पहने दो एएसआई सगे भाई आपस में भिड़ गए। मामला इतना बढ़ गया कि एएसआई ने अपनी सर्विस रिवाल्वर निकाल कर पहले हवा में और फिर सीधा फायर कर दिया। गोली उसके एएसआई भाई के पेट में जा लगी।

वारदात के बाद आरोपित एएसआई मौके पर जिप्सी में सवार होकर फरार हो गया। घायल को गंभीर हालत में डीएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना का पता चलते ही एडीसीपी-3 समीर वर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल शुरू कर दी। घायल की पहचान विजय नगर निवासी विजय कुमार के रूप में हुई। वो नगर निगम में बतौर एएसआई तैनात है। आरोपित एएसआई जनक राज हैबोवाल के ही हकीकत नगर का रहने वाला है। थाना हैबोवाल पुलिस ने उसके खिलाफ केस दर्ज करके उसकी तलाश शुरू कर दी है।
यह है पूरा मामला
घटना बुधवार सुबह की है, नगर निगम अधिकारियों की टीम गोपाल नगर पुली के पास हुए अवैध कब्जों को हटाने के लिए आई हुई थी। कानून व व्यवस्था बनाए रखने के लिए उनके साथ नगर निगम की पुलिस टीम भी थी। सुबह 10.50 बजे एएसआई विजय कुमार गोपाल नगर पुली के पास खड़ा था। उसी दौरान हैबोवाल थाने की और से अपनी प्राइवेट जिप्सी में आया जनकराज उसे देख कर रुक गया। बताया जा रहा है कि प्रापर्टी को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा है। गाड़ी से उतरते ही जनक राज और विजय कुमार के बीच तकरारबाजी शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि मामला इतना उलझ गया कि दोनों गाली-गलौज पर उतर आए। उसी दौरान एक्टिवा स्कूटर पर सवार होकर दोनों की बहन भी वहां पहुंच गई। उसने दोनों को समझाने का प्रयास किया। मगर तैश में आए जनकराज ने अपना पिस्तौल निकाल लिया। उसने एक गोली हवा में चलाई और दूसरी सीधा विजय कुमार के पेट पर दे मारी। उसके बाद वो जिप्सी पर सवार होकर फरार हाे गया।