रांची के सांसद संजय सेठ ने स्वास्थ्य महकमे में फैली अव्यवस्था पर गहरी नाराजगी व्यक्त की

रांची, कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण के कारण हालात बिगड़ने लगे हैं। व्‍यवस्‍था सुधारने के लिए सही तरीके से पहल भी नहीं हो रही है। रांची में कोराना के बढ़ते मामलों को देखते हुए जनप्रतिनिधियों का धैर्य भी जवाब दे रहा है। रविवार को रांची के सांसद संजय सेठ ने स्वास्थ्य महकमे में फैली अव्यवस्था पर अपनी गहरी नाराजगी व्यक्त की। प्रशासनिक लापरवाही पर उन्होंने सरकार को आड़े हाथों लिया।

उन्होंने इस संबंध में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मामले का संज्ञान लेने की अपील की है। सांसद का कहना है कि रांची सदर अस्पताल की खराब स्थिति को लेकर वह पिछले तीन दिनों से रांची डीसी छवि रंजन को फोन कर रहे हैं। रांची डीसी फोन नहीं उठा रहे हैं। फोन फॉरवर्ड कर रखा है। सांसद ने मुख्यमंत्री से गुहार लगाई है कि ऐसे अधिकारियों की जिले में क्या जरूरत है, जो मुसीबत में फोन नहीं उठाएं।

उन्होंने कहा कि सदर अस्पताल की हालत खराब है। लोग अस्पताल के बाहर तड़प-तड़प कर मर रहे हैं। कोई देखने वाला नहीं है। सांसद उपायुक्त की कार्यप्रणाली से बेहद नाराज हैं। उनका कहना है कि अगर जनप्रतिनिधियों के साथ इस तरह का व्यवहार किया जा रहा है तो फिर आम लोगों के साथ कैसा व्यवहार हो रहा होगा‌। इसका सहज अनुमान लगाया जा सकता है।

शनिवार को एक मरीज की मौत के बाद परिजन सदर अस्पताल के नर्स से भिड़ गए थे। इसके बाद से सदर अस्पताल के डॉक्टर एवं नर्स मरीजों को देखने नहीं आ रहे हैं। आज सुबह से ही कोविड वार्ड में भर्ती मरीज के परिजन इंटरनेट मीडिया के माध्यम से अपनी पीड़ा साझा कर रहे हैं। मरीजों के परिजन जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारियों से मदद की गुहार लगा रहे हैं।