
सीतापुर जिले में एक बार फिर से आदमखोर कुत्तों का आतंक शुरू हो गया है। इस बार उन्होंने बिसवां तहसील क्षेत्र में धावा बोला है। सीतापुर को कुत्तों के झुंड ने रेउसा थाना क्षेत्र में चार बच्चों व एक युवक पर जानलेवा हमला किया। ग्रामीणों ने किसी तरह से बच्चों व युवक को बचाया। लेकिन तब तक वे इस कदर गंभीर हो चुके थे कि उन्हें रेउसा सीएचसी में भर्ती कराना पड़ा। जबकि दोपहर के वक्त कुत्तों ने रामपुर कलां थाना क्षेत्र में हमला बोलकर दो बच्चों को जख्मी कर दिया।

उधर, महमूदाबाद में भी कुत्तों ने चार बच्चों को जख्मी कर दिया। इन घटनाओं से इलाके में दहशत का माहौल है। लोग अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हो उठे हैं। रेउसा के ग्राम जटपुरवा निवासी अनीस का पुत्र छोटू (7) व यूसुफ की पुत्री शबनम (11) गांव में ही खेल रही थी। इसी बीच अचानक वहां पर कुत्तों का झुंड पहुंच गया। इससे पहले कि बच्चे कुछ समझ पाते। कुत्तों ने बच्चों पर हमला बोल दिया।
बताते हैं कि शबनम का बड़ा भाई अलीम (20) करीब में ही खड़ा था। बच्चों की चीख सुन वह दौड़कर मौके पर पहुंचा। अलीम खाली हाथ था, इस वजह से कुत्तों ने उसके ऊपर भी हमला बोल दिया। जान खतरे में देख अलीम ने मदद की पुकार लगाई। उसकी पुकार सुन गांव के लोग लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंचे और कुत्तों को खदेड़ा। लेकिन तब तक छोटू, शबनम व अलीम जख्मी हो चुके थे।