पंजाब के CM कैप्टन अमरिंदर सिंह ने ली कोरोना की दूसरी खुराक, राज्य में पहुंची चार लाख और डोज

जालंधर/चंडीगढ़। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह द्वारा पीएम नरेंद्र मोदी को पत्र लिखे जाने के बाद रविवार को कोविड वैक्सीन की चार लाख डोज पंजाब पहुंच गई हैैं। सेहत विभाग के अधिकारियों के अनुसार सभी केंद्रों में वैक्सीन जरूरी मात्रा में उपलब्ध है। रविवार को कुल 69129 लोगों को टीका लगाया गया। इनमें से 66585 को पहली व 2544 लोगों को वैक्सीन की दूसरी डोज दी गई। इस बीच, सोमवार को खुद सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने भी कोविड की दूसरी वैक्सीन लगवाई। 

पंजाब में 24 घंटे में संक्रमण के 3116 नए मामले सामने आए हैैं और 3121 ने कोरोना को मात दी। रविवार को 59 लोगों की कोरोना के कारण मौत भी हुई। लुधियाना में सबसे ज्यादा 530, एसएएस नगर (मोहाली) में 423, अमृतसर में 274, पटियाला में 260, बठिंडा में 252, जालंधर में 226, होशियारपुर व रोपड़ में 130 – 130, फरीदकोट में 120, गुरदासपुर में 116 और मानसा में 103 लोगों की रिपोर्ट पाजिटिव आई।

कैप्टन ने लिखा था पीएम को पत्र

बता दें, दो दिन पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा था कि पंजाब में कोरोना की रोकथाम के लिए लगाई जा रही वैक्सीन का पांच दिन का स्टाक (5.7 लाख खुराक) ही बचा है। इस समय 85 से 90 हजार लोगों को रोज टीका लगाया जा रहा है और तय कार्यक्रम के अनुसार टीकाकरण का आंकड़ा दो लाख करने पर वैक्सीन तीन दिन में खत्म हो जाएगी। इसे देखते हुए कैप्टन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर वैक्सीन जल्द उपलब्ध करवाने और अगली तिमाही के लिए राज्यों के साथ वैक्सीन की सप्लाई का कार्यक्रम साझा करने की अपील की है।