छत्तीसगढ़: फायर ब्रिगेड की गाड़ी से चलाया गया सैनिटाइजिंग स्प्रे अभियान

रायपुर, कोरोना महामारी के प्रसार को रोकने के लिए फायर ब्रिगेड के वाहनों की सहायता से रायपुर में सैनिटाइजेशन का अभियान चलाया गया। इसके तहत जोन क्रमांक एक के खमतराई जोन कार्यालय से गुढ़ियारी पड़ाव, गोंदवारा, भनपुरी रिंगरोड क्षेत्र से होकर वापस आंबेडकर चौक, झंडा चौक, एकता नगर रोड, जनता कालोनी, भारत माता चौक, गोंदवारा ब्रिज केनाल लिंकिंग रोड, रिलायंस पेट्रोल पंप रिंग रोड नंबर दो, भनपुरी रोड गेट नंबर चार, भनपुरी बाजार, खमतराई बाजार आदि विभिन्न मुख्य मार्गों और बाजारों से होते हुए खमतराई पानी टंकी परिसर कार्यालय तक विशेष सैनिटाइजर स्प्रे अभियान चलाया गया।

इस दौरान महापौर एजाज ढेबर फायर ब्रिगेड वाहन पर रायपुर ग्रामीण विधायक पंकज शर्मा, नगर निगम के एमआइसी सदस्य सुंदर जोगी, वीर शिवाजी वार्ड पार्षद गोदावरी गज्जू साहू के साथ सवार होकर विशेष सैनिटाइजर स्प्रे अभियान की पूरे समय अगुवाई कर आवश्यक निर्देश देते रहे एवं लाउड स्पीकर से नागरिकों को नोवल कोरोना वायरस के संक्रमण से लोक स्वास्थ्य सुरक्षा की दृष्टि से जागरूक बनाते रहे।

इस दौरान जोन एक के जोन कमिश्नर नेतराम चंद्राकर, नगर निगम की सहायक स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. तृप्ति पानीग्रही, कार्यपालन अभियंता सुभाष चंद्राकर समेत जोन के अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण विशेष सैनिटाइजर स्प्रे अभियान के दौरान मुख्य रूप से उपस्थित थे। बताते चलें कि नौ अप्रैल से लेकर 19 अप्रैल तक रायपुर जिले में पूर्ण लॉकडाउन लगाया जा रहा है।