रांची में आज मिले इतने नए कोरोना मरीज, मेकॉन कॉलोनी के सभी घर सील

रांची, रांची में आज एक साथ 60 के करीब कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं। रांची के मेकॉन कॉलोनी में 60 के करीब कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। सभी के घर को सील किया जा रहा है। सभी के घर के बाहर माइक्रो कंटेनमेंट जोन का पोस्टर लगाया जा रहा है। बता दें कि अब फिर रांची समेत झारखंड के कई जिलों में कोराेना संक्रमितों की संख्‍या बढ़ने लगी है।

खादगढ़ा व आइटीआइ बस स्टैंड में 552 लोगों का लिया गया सैंपल

खादगढ़ा और आइटीआइ बस स्टैंड तथा रांची रेलवे स्टेशन और हटिया रेलवे स्टेशन में शुक्रवार को कोविड टेस्टिंग की गई। इन चार जगहों पर कुल 552 लोगों के सैंपल लिए गए। खादगढ़ा बस स्टैंड पर 157 और आइटीआइ बस स्टैंड पर 146 लोगों का सैंपल लिया गया। रांची रेलवे स्टेशन पर 208 और हटिया रेलवे स्टेशन पर 41 लोगों का सैंपल लिया गया।

प्रोफेशनल्स कांग्रेस ने बांटे मास्क व सैनिटाइजर

झारखंड प्रदेश प्रोफेशनल्स कांग्रेस ने शुक्रवार को अरगोड़ा पुंदाग मस्जिद के समीप मास्क और सैनिटाइजर का वितरण किया। अध्यक्ष आदित्य विक्रम जायसवाल ने लोगों को मास्क और सैनिटाइजर देते हुए कोरोना वायरस की दूसरी लहर से बचने के लिए जागरुक किया। महिलाओं के स्वरोजगार के बारे में भी जानकारी दी। इस मौके पर जिला अध्यक्ष भुवनेश ठाकुर, जिला सचिव कोमल कृति, प्रदेश सचिव ख्याति मुंजाल, विद्याकर कुंवर, उषा प्रसाद, पूजा वर्मा, प्रेमशिला, प्रिंस मुनोअर, अमरजीत सिंह, राजीव कुमार, सूरज झा, पुनीत कुमार, विक्की गोप, सोहन पाहन आदि मौजूद थे।