झारखंड: गैंगरेप के आरोपितों को भेजा गया न्यायिक हिरासत में, पीड़िता की मेडिकल जांच

गालूडीह थाना की पुलिस ने अपहरण कर महिला से सामूहिक दुष्कर्म के आरोपित मानिक महतो, निर्मल कर्मकार, दीपक कालिंदी, वासुदेव महतो और एक महिला कविता सिंह को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पीड़िता की एमजीएम अस्पताल में मेडिकल जांच कराई गई।

उसकी शिकायत पर आरोपितों के खिलाफ गालूडीह थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। गुरुवार को मानिक महतो, निर्मल कर्मकार, दीपक कालिंदी और वासुदेव महतो ने महिला के साथ दुष्कर्म किया था इसके बाद महिला को अपने परिचित महिला कविता सिंह के घर ले गए थे। वहां भी आरोपितों ने महिला के साथ दुष्कर्म किया था।

कपाली में कार ने बाइक में मारी टक्कर महिला और उसके दो बच्चे घायल

सोनारी दोमुहानी पुल से सटे कपाली थाना क्षेत्र के डोबो मुख्य सड़क पर कार ने बाइक में टक्कर मार दी जिससे महिला और उसके दो बच्चे घायल हो गए। सभी टाटा मुख्य अस्पताल में दाखिल है। दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन छोड़कर भाग निकला। महिला डोबो कमारगोड़ा की रहने वाली है। कार चांडिल से जमशेदपुर के सोनारी की ओर जा रही थी। कार की जांच में पुलिस ने कार से पोस्तो बरामद किया है। कार मालिक का पता पुलिस लगा रही है।

जुगसलाई में पुलिस मुखबिर को गोली मारने वाले को रिमांड पर लेने की तैयारी

जुगसलाई थाना क्षेत्र गौरीशंकर रोड पहलवान डेरा में पुलिस मुखबिर आलमगीर आलम उर्फ राजा को गोली मारने के आरोपित भाकुड को जुगसलाई थाना की पुलिस रिमांड पर लेगी। 18 मार्च की दोपहर को भाकुड ने घर से बुलाकर आलमगीर आलम को गोली मार दी थी। गोली जांघ में लगी थी। घटना के बाद से आरोपित फरार था। पुलिस दबाव के बाद उसने एक अप्रैल को अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया था।