झारखंड: परसुडीह में कार चालक ने बाइक के बाद मारी पेड़ में टक्कर, एक जख्मी

परसुडीह थाना क्षेत्र खासमहल सदर अस्पताल के पास शुक्रवार को चक्रधरपुर से टाटानगर स्टेशन आ रही कार के चालक ने बाइक को टक्कर मारने के बाद पीपल के पेड़ में टक्कर मार दी। वहीं घटना में कार में चालक के साथ बैठा हुआ युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे स्थानीय लोगों ने इलाज के लिए एंबुलेंस से एमजीएम अस्पताल पहुंचाया। घटना में गंभीर रूप से घायल पंकज महतो चक्रधरपुर रोलाडीह का रहने वाला बताया जा रहा है।

वहीं चालक सोना माझी चक्रधरपुर खास में ही रहता है। वहीं घटना के बारे में घायल पंकज महतो ने बताया कि चक्रधरपुर निवासी व्यवसाई महेंद्र केडिया के यहां वह कर्मचारी है। शुक्रवार को मालिक की बेटी पुरुलिया से टाटानगर स्टेशन आ रही थी, जिसे लेने के लिए वह चालक सोना माझी के साथ स्टेशन ही जा रहा था। तभी अचानक परसुडीह स्थित खास महल सदर अस्पताल के पास कार के आगे चल रही बाइक अचानक रुक गई।

जिससे कार का नियंत्रण खो गया और चालक ने बाइक को टक्कर मारने के बाद पीपल के पेड़ में टक्कर मार दी। वहीं घटना में बाइक सवार और चालक को हल्की चोटें आई है। जबकि चालक के साथ बैठे पंकज महतो को चेहरे समेत सर पर गंभीर चोट आई है। वहीं उसके माथे पर कई टांके भी लगे। फिलहाल उसका इलाज अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को जप्त कर लिया है।